फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Paralympics 2024: पेरिस पैरालंपिक में अवनि-मोना, प्रीति और मनीष ने जीते पदक, पीएम समेत इन दिग्गजों ने दी बधाई

Fri, 30 Aug 2024 04:44 PM IST
Mayank Tripathi स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, पेरिस

सार

अवनि ने पेरिस पैरालंपिक में 249.7 का स्कोर बनाकर स्वर्ण पदक पर कब्जा जमाया। इसी के साथ उन्होंने अपने ही पैरालंपिक रिकॉर्ड को तोड़ दिया।
विज्ञापन
मोना-पीएम मोदी-अवनि - फोटो : @TheKhelIndia/@narendramodi
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

पेरिस पैरालंपिक का आगाज हो चुका है। शुक्रवार को भारतीय पैरा शूटर अवनि लेखरा और मोना अग्रवाल ने महिलाओं की 10 मीटर एयर राइफल स्टैंडिंग एसएच1 स्पर्धा में क्रमश: स्वर्ण और कांस्य पदक जीतकर देश को गौरवान्वित किया। वहीं, प्रीति पाल ने महिलाओं की 100 मीटर (टी35) रेस में कांस्य पदक अपने नाम करने में कामयाबी हासिल की। इसके अलावा मनीष नरवाल ने पुरुषों की 10 मीटर एयर पिस्टल एसएच1 स्पर्धा के फाइनल मैच में रजत पदक जीत लिया। चारों एथलीट्स की इस उपलब्धि पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उन्हें बधाई दी। 
विज्ञापन

अवनि की स्वर्णिम जीत पर पीएम ने दी शुभकामनाएं
अवनि ने पेरिस पैरालंपिक में 249.7 का स्कोर बनाकर स्वर्ण पदक पर कब्जा जमाया। इसी के साथ उन्होंने अपने ही पैरालंपिक रिकॉर्ड को तोड़ दिया। पीएम ने उन्हें बधाई देते हुए कहा- आर2 महिला 10मीटर एयर राइफल एसएच1 इवेंट में प्रतिष्ठित स्वर्ण जीतने के लिए अवनि लेखरा को बधाई। इसी के साथ उन्होंने इतिहास रच दिया है। वह तीन पैरालंपिक पदक जीतने वाली पहली भारतीय महिला एथलीट हैं! उनका समर्पण भारत को गौरवान्वित करता है।

मोना को भी पीएम ने दी बधाई
वहीं, पैरा शूटर मोना अग्रवाल ने 10 मीटर एयर राइफल स्टैंडिंग एसएच1 स्पर्धा में  228.7 का स्कोर बनाकर तीसरा स्थान हासिल किया और भारत को कांस्य पदक दिलाया। पीएम ने मोना को भी बधाई दी। उन्होंने कहा- मोना अग्रवाल को पेरिस पैरालंपिक 2024 में आर2 महिला 10 मीटर एयर राइफल एसएच1 स्पर्धा में कांस्य पदक जीतने पर बधाई। उनकी उल्लेखनीय उपलब्धि उनके समर्पण और उत्कृष्टता की खोज को दर्शाती है। भारत को मोना पर गर्व है।

प्रीति पाल को दी पीएम मोदी ने कांस्य पदक जीतने की बधाई
महिलाओं की 100 मीटर (टी35) रेस में भारत की प्रीति पाल ने कांस्य पदक जीता है। उन्होंने 14.31 सेकंड में 100 मीटर की दूरी तय की। पैरिस पैरालंपिक में यह भारत का तीसरा पदक है। चीन की ही गुओ कियानकियान ने इस स्पर्धा में रजत पदक जीता। उन्होंने 13.74 सेकंड में रेस पूरी की। वहीं, चीन की ही झोउ ने 1.58 सेकंड में रेस पूरी की और स्वर्ण पदक पर कब्जा जमाया। पीएम ने उन्हें बधाई देते हुए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा- भारत के लिए गौरव की बात यह है कि प्रीति पाल ने पैरालंपिक 2024 में 100 मीटर टी35 स्पर्धा में कांस्य पदक जीता है। उन्हें बधाई। यह सफलता निश्चित रूप से उभरते एथलीटों को प्रेरित करेगी।

मनीष की तारीफ में पीएम ने पढ़े कसीदे
पुरुषों की 10 मीटर एयर पिस्टल एसएच1 स्पर्धा के फाइनल मैच में मनीष नरवाल ने रजत पदक जीत लिया है। लगातार दूसरे पैरालंपिक में उन्होंने पदक जीता है। पिछले पैरालंपिक में मनीष ने 50 मीटर एयर पिस्टल एसएच1 स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीता था। इस स्पर्धा के फाइनल में कोरिया के जेओंगडु पहले स्थान पर रहे। उन्होंने 237.4 का स्कोर किया। वहीं, नरवाल 234.9 के स्कोर के साथ दूसरे स्थान पर रहे। इसके अलावा चीन के यांग चाओ ने 214.3 के स्कोर के साथ कांस्य पदक पर कब्जा जमाया। पीएम ने उन्हें बधाई देते हुए लिखा- मनीष नरवाल ने शानदार उपलब्धि हासिल की, उन्होंने P1 पुरुषों की 10 मीटर एयर पिस्टल एसएच1 स्पर्धा में रजत पदक जीता। उनकी सटीकता, फोकस और समर्पण ने एक बार फिर गौरव दिलाया है।

सचिन ने चारों एथलीट्स को दी शुभकामनाएं
इसके अलावा महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर ने भी चारों एथलीट्स को शुभकामनाएं दीं। सचिन ने लिखा- टोक्यो में स्वर्ण, पेरिस में स्वर्ण! अवनि लेखरा 10 मीटर एयर राइफल शूटिंग में लगातार पदक जीतना किसी असाधारण बात से कम नहीं है। तीन पैरालंपिक पदक जीतने वाली पहली भारतीय महिला के रूप में आपकी ऐतिहासिक उपलब्धि एक सच्चे चैंपियन के रूप में आपकी विरासत को और मजबूत करती है। मोना को उसी इवेंट में कांस्य पदक जीतने के लिए बहुत-बहुत बधाई और मनीष नरवाल को टोक्यो में स्वर्ण पदक जीतने के बाद पुरुषों की 10 मीटर एयर राइफल शूटिंग में रजत हासिल करने के लिए बहुत-बहुत बधाई। हमारी उपलब्धियों की सूची में 100 मीटर स्प्रिंट में कांस्य के लिए प्रीति पाल का नाम भी शामिल है। 
विज्ञापन

नीता अंबानी ने भी दी बधाई
रिलायंस फाउंडेशन की संस्थापक और अध्यक्ष नीता अंबानी ने पेरिस पैरालंपिक 2024 में ऐतिहासिक उपलब्धियों के लिए अवनि लेखरा, मोना अग्रवाल, प्रीति पाल और मनीष नरवाल को बधाई दी।उन्होंने कहा- आपके स्वर्ण, रजत और कांस्य पदकों ने न केवल भारत के पैरालंपिक अभियान को गौरवान्वित किया है, बल्कि हर भारतीय के दिल को अपार खुशी से भर दिया है। आपकी ताकत, जज्बा और कौशल पूरे देश के लिए प्रेरणा हैं। हमारे सभी एथलीटों को और अधिक शक्ति मिले और आने वाले खेलों के लिए शुभकामनाएं! जय हिंद।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें