पहलवान गौरव बालियान (79 भारवर्ग) और दीपक (97 भारवर्ग) को सोमवार को जूनियर विश्व चैंपियनशिप के सेमीफाइनल में हार का सामना करना पड़ा और अब वह कांस्य पदक के लिए मुकाबले में उतरेंगे। शुभम (57 भार वर्ग) और रोहित (65 भारवर्ग) रेपचेज दौर के जरिए पदक की होड़ में बने हुए हैं। शुभम और रोहित के प्रतिद्वंद्वी फाइनल में पहुंचने में सफल रहे।
बालियान को सेमीफाइनल में ईरान के मोहम्मद असरग के हाथों हार का सामना करना पड़ा। इससे पहले उन्होंने तजाकिस्तान के अबुबाकर शुकुरोव को तकनीकी दक्षता के आधार पर हराया। क्वार्टर फाइनल में रूस के अलिक बादतीव को 5-2 से शिकस्त दी। दूसरी तरफ दीपक को सेमीफाइनल में अमेरिका के ब्रेक्सटन से 1-9 से हार मिली। उन्होंने अपने अभियान की शुरुआत बेलारूस के एलियाकसेई के खिलाफ 5-1 की जीत के साथ की और फिर जॉर्जिया के लुका खुतचुआ को 9-4 से हराया।