भारत के लिए एशियाई खेलों का तीसरा दिन खुशियों से भरा बीत रहा है। भारतीय निशानेबाजों ने खबर लिखे जाने तक देश को तीन मेडल दिलाए हैं। 37 साल के संजीव राजपूत ने दर्शाया कि उम्र कोई मायने नहीं रखती है और प्रदर्शन आधार माना जाता है।
उन्होंने मंगलवार को 50 मीटर राइफल 3 पोजिशन में दूसरे स्थान पर रहते हुए भारत को तीसरा मेडल दिलाया। राजपूत का स्कोर 452.7 रहा। चीन के जिचेंग हुइ से 453.3 के स्कोर के साथ गोल्ड मेडल जीता। जापान के ताकायुकी मत्सुमोतो ने 441.4 के स्कोर के साथ ब्रॉन्ज मेडल हासिल किया।
भारत का शूटिंग में यह तीसरा मेडल रहा और अब तक एशियाई खेलों में भारत के पदकों की संख्या 8 पहुंच गई हैं। भारत के लिए सौरभ चौधरी ने 10 मीटर एयर पिस्टल स्पर्धा में गोल्ड मेडल जीता। अभिषेक वर्मा ने इसी स्पर्धा में ब्रॉन्ज मेडल जीता। भारतीय निशानेबाजों ने भी एशियाड में अपना जलवा बिखेरा और तीन दिनों में कुल 6 पदक जीत लिए हैं। इसमें एक गोल्ड, तीन सिल्वर और दो ब्रॉन्ज मेडल शामिल हैं।
राजपूत ने इसी वर्ग में 2006 एशियाड में ब्रॉन्ज मेडल जीता था। इसके अलावा कॉमनवेल्थ गेम्स में भी वह शानदार प्रदर्शन कर चुके हैं और 2006 में ब्रॉन्ज जबकि 2014 में सिल्वर मेडल जीत चुके हैं।