प्रो कबड्डी लीग के आठवें सीजन के लिए हुई नीलामी में 12 फ्रेंचाइजियों ने 190 से अधिक खिलाड़ियों को करीब 48.22 करोड़ रुपये में खरीदा। इसके अलावा 10 फाइनल बिड मैच (एफबीएम) कार्ड का इस्तेमाल किया गया। रेडर परदीप नरवाल पीकेएल के इतिहास के सबसे महंगे खिलाड़ी बन गए, जिन्हें यूपी योद्धा ने एक करोड़ 65 लाख रुपये में खरीदा। सिद्धार्थ देसाई को तेलुगू टाइटंस ने एक करोड़ 30 लाख रुपये में बरकरार रखा। वहीं राहुल चौधरी अब पुणेरी पल्टन के लिये खेलेंगे जबकि तमिल थलाइवाज ने रेडर मनजीत को पुणेरी पल्टन से 92 लाख रुपये में खरीदा। कैटेगरी ए के हरफनमौला खिलाड़ी रोहित गूलिया को हरियाणा स्टीलर्स ने 83 लाख रुपये में खरीदा जबकि उनका बेसप्राइस 25 लाख रुपये था। जयपुर पिंक पैंथर्स ने रेडर अर्जुन देशवाल को 96 लाख रुपये में खरीदा। नीलामी में दस नए युवा खिलाड़ी बिके।