प्रो कबड्डी लीग 2021 में सभी मैच एक ही स्टेडियम में खेले जाएंगे।
- फोटो : सोशल मीडिया
देश की दूसरी सबसे लोकप्रिय खेल लीग प्रो कबड्डी लीग की शुरुआत 22 दिसंबर से होगी। इस टूर्नामेंट के सभी मैचों की तारीखें भी लगभग तय हो चुकी हैं। कोरोना के चलते पीकेएल के सभी मैच एक ही स्टेडियम में खेले जाएंगे। ये सभी मैच बैंगलोर के कांतीवीरा इंडोर स्टेडियम में हो सकते हैं। कांतीवीरा स्टेडियम बैंगलोर बुल्स टीम का घरेलू मैदान है। इसके अलावा जयपुर और अहमदाबाद के मैदान में भी पूरी लीग का आयोजन किया जा सकता है, लेकिन बैंगलोर में इसके आयोजन की संभावना सबसे ज्यादा है। प्रो कबड्डी लीग भारत में आईपीएल के बाद दूसरी सबसे ज्यादा देखी जाने वाली लीग है।
कोरोना महामारी आने के बाद यह पहला मौका होगा, जब इंडोर स्टेडियम में कोई टूर्नामेंट खेला जाएगा। स्पोर्ट्स स्टार की खबर के अनुसार इस लीग में भाग लेने वाले सभी खिलाड़ियों को कोरोना का टीका लगवाना जरूरी होगा। मैच शुरू होने के कम से कम 14 दिन पहले सभी खिलाड़ियों को बैंगलोर में इकट्ठा होना होगा। पहले यह टूर्नामेंट जुलाई के महीने में शुरू होने वाला था, लेकिन कोरोना महामारी की दूसरी लहर के कारण इसे साल के अंत में शुरू किया जाएगा।