गोवा में तीस मार्च से 14 अप्रैल तक होने वाले 36वें राष्ट्रीय खेल एक बार फिर स्थगित हो गए हैं। आम चुनाव के चलते गोवा सरकार ने इन्हें आयोजित करवाने में असमर्थता जताई। नाराज भारतीय ओलंपिक संघ (आईओए) ने इन्हें अन्य जगह स्थानांतरित करने की चेतावनी दी है।
आईओए को लिखे पत्र में गोवा सरकार ने आगामी चुनाव, सुरक्षा और वॉलंटियर संबंधी मुद्दों का हवाला देकर राष्ट्रीय खेलों को स्थगित करने को कहा है, जिनमें पहले ही काफी विलंब हो चुका है। इन खेलों का आयोजन 2016 में होना था लेकिन इनके कार्यक्रम में कई बार बदलाव किया जा चुका है।
आईओए महासचिव राजीव मेहता ने कहा कि अगर गोवा खेलों की मेजबानी की प्रतिबद्धता नहीं जताता है तो वे खेलों को स्थानांतरित करने पर विचार कर सकते हैं। साथ ही उन्होंने कहा कि अगर खेल पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार नहीं होते हैं तो आईओए गोवा पर 10 करोड़ रुपये का जुर्माना लगाएगा।