फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

विश्व बॉक्सिंग चैंपियनशिप: लवलीना को भारतीय टीम में सीधा प्रवेश, बाकी खिलाड़ियों को राष्ट्रीय चैंपियनशिप में जीतना होगा सोना

Tue, 05 Oct 2021 10:19 PM IST
शक्तिराज सिंह स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली

सार

तोक्यो ओलंपिक में भारत को कांस्य पदक दिलाने वाली लवलीना को अच्छे प्रदर्शन का ईनाम मिला है। उन्हें महिला विश्व मुक्केबाजी चैंपियनशिप के लिए सीधे भारतीय टीम में शामिल किया गया है।
विज्ञापन
लवलीना ने 69 किलोग्राम वर्ग में भारत के लिए कांस्य पदक जीता था। - फोटो : सोशल मीडिया
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

तोक्यो ओलंपिक में भारत को कांस्य पदक जिताने वाली मुक्केबाज लवलीना बोरगोहेन को अच्छे प्रदर्शन का ईनाम मिला है। भारतीय मुक्केबाजी महासंघ ने महिला विश्व मुक्केबाजी चैंपियनशिप के लिए उन्हें सीधे भारतीय टीम में जगह दी है। यह चैंपियनशिप दिसंबर में आयोजित होगी। 69 किग्रा वर्ग में खेलने वाली लवलीना इस साल राष्ट्रीय चैंपियनशिप में भाग नहीं लेंगी, जबकि भारतीय टीम में जगह बनाने के लिए बाकी खिलाड़ियों को इस प्रतियोगिता में सोना जीतना पड़ेगा। महासंघ ने साफ किया है कि आगामी राष्ट्रीय चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीतने वाली खिलाड़ियों को ही भारतीय टीम में जगह दी जाएगी।
विज्ञापन


राष्ट्रीय बॉक्सिंग चैंपियनशिप का आयोजन हिसार में 21 अक्तूबर से किया जाएगा। हाल में संपन्न पुरुषों की राष्ट्रीय बॉक्सिंग चैंपियनशिप का आयोजन हुआ था और इस प्रतियोगिता के विजेता मुक्केबाजों को विश्व चैंपियनशिप की टीम में जगह दी गई है।

राष्ट्रीय बॉक्सिंग चैंपियनशिप में जीतने वाले खिलाड़ियों को राष्ट्रीय शिविर में जगह

भारतीय मुक्केबाजी महासंघ ने कहा, "प्रत्येक वजन वर्ग की स्वर्ण पदक विजेता एआईबीए महिला विश्व चैंपियनशिप में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी। सिर्फ 69 किग्रा वर्ग में ऐसा नहीं होगा क्योंकि तोक्यो ओलंपिक की कांस्य पदक विजेता लवलीना बोरगोहेन को विश्व चैंपियनशिप के लिए सीधे क्वालीफिकेशन दिया गया है।" इस प्रतियोगिता में स्वर्ण और रजत पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को राष्ट्रीय शिविर में भी जगह मिलेगी। इनके अलावा जो खिलाड़ी कांस्य पदक जीतेंगे उन्हें पिछले तीन टूर्नामेंट में पदक जीतने वाले खिलाड़ियों के साथ ट्रायल मैच खेलना होगा। ट्रायल मैच जीतने वाले खिलाड़ियों को भी राष्ट्रीय शिविर में जगह मिलेगी। 
विज्ञापन

राष्ट्रीय बॉक्सिंग चैंपियनशिप में नहीं खेलेंगी लवलीना

विश्व मुक्केबाजी चैंपियनशिप में जगह पक्की होने के बाद 24 साल की लवलीना का राष्ट्रीय चैंपियनशिप से बाहर रहना लगभग तय है। इस्तांबुल में होने वाली विश्व मुक्केबाजी चैंपियनशिप की तारीखों का एलान अभी नहीं हुआ है। वहीं सर्बिया के बेलग्राद में 24 अक्तूबर से होने वाली पुरुष विश्व चैंपियनशिप का शिविर भी अभी तक शुरू नहीं हुआ है। महासंघ के एक सूत्र के अनुसार अगले कुछ दिनों में इसकी शुरुआत पटियाला में हो सकती है। फिलहाल बेलग्राद जाने वाले कोचिंग स्टाफ को लेकर लगातार विचार विमर्श हो रहा है। अगले दो-तीन दिनों में इस बारे में कोई फैसला होने की उम्मीद है। 
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें