फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

एथलेटिक्स चैंपियनशिप: महिला धावक हरमिलन बैंस ने तोड़ा 19 साल पुराना रिकॉर्ड, 1500 मीटर में जीता खिताब

Thu, 16 Sep 2021 05:02 PM IST
मुकेश कुमार झा स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, वारंगल
विज्ञापन
महिला धावक हरमिलन बैंस - फोटो : social media
विज्ञापन

पंजाब की महिला धावक हरमिलन बैंस ने गुरुवार को वारंगल के जवाहर लाल नेहरू स्टेडियम में चल रही 60वीं राष्ट्रीय ओपन एथलेटिक्स चैंपियनशिप प्रतियोगित में महिलाओं की 1500 मीटर में नया राष्ट्रीय रिकॉर्ड बनाया। उन्होंने 4:05.39 सेकंड में अपनी दौड़ पूरी की। इस रिकॉर्ड के साथ 21 साल की हरमिलन ने सुनीता रानी (4:06.03 सेकंड) के 19 साल पुराने रिकॉर्ड को तोड़ दिया, जो उन्होंने 2002 एशियाई खेलों में बनाया था। हालांकि, हरमिलन विश्व चैंपियनशिप के लिए 1500 मीटर क्वालिफिकेशन मार्क से बहुत कम से चूक गईं, जो 4:04.20 है।

विज्ञापन


केएम चंदा 4:18.24 सेकंड के साथ दूसरे स्थान पर
वहीं, दिल्ली की केएम चंदा 4:18.24 सेकंड के साथ दूसरे स्थान पर रहीं। बता दें कि हरमिलन ने पिछले साल भुवनेश्वर में खेल इंडिया विश्वविद्यालय खेलों में 4:14.68 सेकंड का समय लेने के बाद इस साल 16 मार्च को फेडरेशन कप में 4:08.70 सेकंड और फिर 21 जून को इंडियन ग्रां प्री में 4: 08.27 सेकंड का समय लिया था। वह अब राष्ट्रीय रिकॉर्ड तोड़कर खिताब जीतने में सफल रहीं।
 
 

 

पुरुष 1500 मीटर में हुआ उलटफेर 
वहीं, पुरुष 1500 मीटर में उलटफेर देखने को मिला। हरियाणा के परवेज खान ने एशियाई एथलेटिक्स चैंपियनशिप के दो बार के पदक विजेता रेलवे के अजय कुमार सरोज को पछाड़कर शीर्ष स्थान हासिल किया। राष्ट्रीय स्तर पर 20 अगस्त 2019 से अजय की यह पहली हार है। उधर, 100 मीटर में दिल्ली की तरनजीत कौर ने बाजी मारी। तरनजीत ने 11.50 सेकंड के निजी सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के साथ 100 मीटर दौड़ का खिताब जीता।

नरेश कुमार ने 100 मीटर में जीता खिताब
पुरुषों में नरेश कुमार ने 10.30 सेकंड के समय के साथ पुरुष 100 मीटर खिताब जीता। यह इस साल 100 मीटर में किसी भारतीय धावक का दूसरा सर्वश्रेष्ठ समय है। गुरिंदरवीर सिंह ने 26 जून को पटियाला में 10.27 सेकंड का समय लिया था। गुंटूर के 23 साल के नरेश भारतीय इतिहास के पांच सबसे तेज धावकों में शामिल हो गए हैं। उन्होंने 2001 में अनिल कुमार के 10.37 सेकंड के मीट रिकॉर्ड को भी तोड़ा। उधर, एशियाई खेलों की स्वर्ण पदक विजेता हेप्टाथलीट रेलवे की स्वप्ना बरमन ने महिला ऊंची कूंद का खिताब जीता जबकि हरियाणा के साहिल सिलवाल ने 77.79 मीटर के प्रयास के साथ पुरुष भाला फेंक का खिताब अपने नाम किया।
विज्ञापन

पहले दिन इन खिलाड़ियों का रहा जलवा
चैंपियनशिप के पहले दिन क्रमश: पुरुष और महिला 5000 मीटर दौड़ के खिताब जीते। रेलवे के 24 साल के अभिषेक ने 14 मिनट 16.35 सेकंड के समय के साथ 5000 मीटर में अपना पहला राष्ट्रीय खिताब जीतने में सफल रहे। वहीं, धर्मेंद्र 14 मिनट 17.20 सेकंड के समय के साथ दूसरे स्थान पर रहे और उन्होंने सिल्वर मेडल पर कब्जा जमाया। वहीं, अजय कुमार ने 14 मिनट 20.98 सेकंड के समय के साथ कांस्य पदक जीता।

पारुल ने 5000 मीटर दौड़ में जीता गोल्ड
उधर, महिला 5000 मीटर दौड़ में पारुल ने 15 मिनट 59.69 सेकंड के समय के साथ खिताब जीता। महाराष्ट्र की 22 साल की कोमल ने 16 मिनट 1.43 सेकंड के समय के अपने निजी सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के साथ दूसरा स्थान हासिल किया। वहीं, महाराष्ट्र की ही संजीवनी बाबर जाधव ने 16 मिनट 19.18 सेकंड के समय से कांस्य पदक जीता। महिला पोल वॉल्ट में तमिलनाडु की पवित्रा वेंकटेश ने 3.90 मीटर के प्रयास के साथ स्वर्ण पदक जीता। रेलवे की मारिया जेसन (3.80 मीटर) ने दूसरा जबकि कृष्णा राचन (3.60 मीटर) ने तीसरा स्थान हासिल किया।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें