टोक्यो पैरालंपिक 2020 में भारत की झोली में पहला पदक आ चुका है। भाविना पटेल ने पैरा टेबल टेनिस के क्लास 4 स्पर्धा में रजत पदक अपने नाम किया। भाविना को खिताबी मुकाबले में चीन की नंबर एक खिलाड़ी के हाथों हार का सामना करना पड़ा। हार के बावजूद भाविना ने रजत पदक जीतकर इतिहास रच दिया। भाविना के पदक जीतने पर उन्हें हर तरफ से बधाईया मिल रही हैं।
भाविना फाइनल में स्वर्ण पदक जीते से चूक गईं। खिताबी मुकाबले में उन्हें चीन की झोउ यिंग ने 3-0 से मात दी। चीनी खिलाड़ी ने यह मैच 11-7, 11-5, 11-6 के अंतर से जीता। झोउ यिंग शुरुआत से ही भारतीय एथलीट पर बढ़त बनाने में सफल रहीं। इसके बाद भाविना ने कई बार वापसी करने की कोशिश की लेकिन कामयाब नहीं हुईं। फाइनल हारने के बावजूद भारतीय टेबिल टेनिस खिलाड़ी भाविना ने सिल्वर मेडल जीतकर इतिहास रच दिया।
भाविना की जीत के बाद अब उनपर इनामों की बारिश भी होने लगी है। गुजरात सरकार ने उन्हें तीन करोड़ रूपये का नकद पुरुस्कार देने का एलान किया है। राज्य सरकार की तरफ से जारी ट्वीट में कहा गया, 'सीएम विजय रुपाणी ने मेहसाणा जिले की पैरा पेडलर भाविना पटेल को दिव्यांग खेल रत्न प्रोत्साहन पुरुस्कार योजना का तहत तीन करोड़ रूपये का नकद इनाम देने का एलान किया है।'
इससे पहले टेबल टेनिस ऑफ इंडिया के प्रेसीडेंट और हरियाणा के उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने भाविना पटेल के टोक्यो पैरालंपिक में रजत पदक जीतने पर 31 लाख रुपये का पुरस्कार देने का एलान किया है।