भारत ने ऑस्ट्रेलिया के गोल्ड कोस्ट में चल रहे 21वें कॉमनवेल्थ गेम्स के दूसरे दिन शानदार प्रदर्शन जारी रखा। वेटलिफ्टर संजीता चानू ने गोल्ड मेडल जीता जबकि दीपक लाठेर ने ब्रोंज पर कब्जा किया। भारत ने दो दिनों में कुल दो गोल्ड मेडल जबकि एक सिल्वर व एक ब्रोंज मेडल जीता। भारतीय टीम इस समय अंक तालिका में पांचवें स्थान पर हैं। इसके अलावा हॉकी और बैडमिंटन में भारत ने एकतरफा प्रदर्शन करते हुए विरोधी टीमों को मात दी। स्क्वॉश में भारत को सफलता व निराशा दोनों हाथ लगी। चलिए गौर करते हैं कि शनिवार को कॉमनवेल्थ गेम्स के दूसरे दिन क्या-क्या खास हुआ:
CWG 2018: संजीता चानू को स्वर्णिम सफलता, वेटलिफ्टिंग में देश को दिलाया दूसरा गोल्ड
भारतीय वेटलिफ्टर संजीता चानू ने गोल्ड मेडल जीतकर इतिहास रच दिया है। संजीता ने 53 किलोग्राम की कैटेगरी में स्वर्ण पदक जीता है।
CWG 2018: दीपक लाठेर ने जीता कांस्य, अमित पंघाल ने भी बढ़ाई पदक की आस
दीपक लाठेर ने 69 किग्रा कैटेगरी में ब्रॉन्ज मेडल जीत लिया है। दीपक ने स्नैच के पहले ही प्रयास में 132 किग्रा का वजन उठाया। दूसरे प्रयास में उन्होंने 136 किग्रा उठाया। वहीं, क्लीन एंड जर्क में उन्होंने दोनों प्रयासों में 159 किलोग्राम का वजन उठाया।
CWG 2018: चिनप्पा क्वार्टरफाइनल में पहुंची, कार्तिक की पत्नी ने किया निराश
भारत की स्टार महिला स्क्वॉश खिलाड़ी जोशना चिनप्पा ने शुक्रवार को कॉमनवेल्थ गेम्स 2018 के महिला सिंगल्स के क्वार्टरफाइनल में प्रवेश कर लिया है।
CWG 2018: दूसरे दिन हॉकी में भारत की जोरदार वापसी, मलेशिया को 4-1 से रौंदा
गोल्ड कोस्ट में चल रहे 21वें कॉमनवेल्थ गेम्स 2018 में भारतीय महिला हॉकी टीम ने मलेशिया को 4-1 से हराकर पहला मुकाबला जीत लिया है। पहले दिन भारतीय टीम को वेल्स से 3-2 से हार का सामना करना पड़ा था, लेकिन दूसरे दिन महिला हॉकी टीम ने शानदार वापसी की और मलेशिया को करारी मात दी।
CWG 2018: बॉक्सर नमन तंवर पहुंचे क्वार्टर फाइनल में, तंजानिया के मुक्केबाज को दी करारी मात
भारतीय पुरुष बॉक्सर नमन तंवर ने 91 किग्रा भारवर्ग में तंजानिया के बॉक्सर हारून महांदो को करारी मात दी। इसके साथ ही नमन क्वार्टर फाइनल में जगह बना ली है।
CWG 2018: 'भारतीय नारी सब पर भारी' चानू के लिए लगा बधाइयों का तांता
टीम इंडिया के पूर्व विस्फोटक बल्लेबाज वीरेन्द्र सहवाग ने भी ट्वीट कर संजीता चानू को बधाई दी। उन्होंने लिखा, भारतीय नारी सब पर भारी। एक और गोल्ड।
गोल्ड जीतने के बाद बोलीं संजीता- अब तक सोच रहीं हूं क्यों नहीं दिया अर्जुन अवॉर्ड
संजीता चानू ने कॉमनवेल्थ गेम्स का दूसरा गोल्ड मेडल जरूर अपने नाम कर लिया है, लेकिन बीते वर्ष योग्यता होने के बावजूद उन्हें अर्जुन अवॉर्ड नहीं दिए जाने की टीस उनके मन में बरकरार है। संजीता ने अमर उजाला से कहा कि वह अब तक सोच रहीं हैं कि उन्हें यह अवॉर्ड क्यों नहीं दिया गया।
CWG 2018: गोल्ड मेडल जीतने वाली संजीता चानू हुई शर्मसार, टॉयलेट में कराना पड़ी मसाज
कॉमनवेल्थ खेलों में भारत को दूसरा गोल्ड मेडल जिताने वाली वेटलिफ्टर संजीता चानू को गोल्ड कोस्ट में प्रतियोगिता से पहले बुरी तरह शर्मसार होना पड़ा। पिछले कुछ माह से पीठ की चोट से जूझ रहीं संजीता को दर्द से निजात के लिए कंपटीशन से पहले फीजियो की सख्त जरूरत थी।
CWG 2018: बैडमिंटन में भारत का दबदबा बरकरार, स्कॉटलैंड को एकतरफा अंदाज में हराया
भारतीय बैडमिंटन टीम ने कॉमनवेल्थ गेम्स 2018 के दूसरे दिन शुक्रवार को मिक्स्ड टीम इवेंट के अपने अंतिम ग्रुप मैच में स्कॉटलैंड को एकतरफा अंदाज में 5-0 से मात दी। गोल्ड कोस्ट में चल रहे 21वें कॉमनवेल्थ गेम्स के पहले दिन भारतीय बैडमिंटन टीम ने श्रीलंका और पाक को हराकर पहले ही क्वार्टर फाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली थी।
CWG 2018: भारतीय जिमनास्ट प्रणति दास और प्रणति नायक फाइनल में, अरुणा रेड्डी बाहर
गोल्ड कोस्ट में चल रहे 21वें कॉमनवेल्थ गेम्स में भारतीय आर्टिस्टिक जिमनास्ट प्रणति दास और प्रणति नायक ने अपना अच्छा प्रदर्शन जारी रखते हुए महिलाओं की ऑल-राउंड और वॉल्ट फाइनल्स में जगह पक्की कर ली है। वहीं वर्ल्ड कप में पदक जीतने वाली भारतीय जिमनास्ट अरुणा रेड्डी फाइनल राउंड की दौड़ से बाहर हो गई हैं।