भारतीय बैडमिंटन खिलाड़ी लक्ष्य सेन ने पेरिस ओलंपिक में शानदार प्रदर्शन जारी रखते हुए ग्रुप चरण का अपना मुकाबला जीत लिया। ओलंपिक में पदार्पण कर रहे लक्ष्य ने पुरुष एकल वर्ग के ग्रुप एल मुकाबले में बेल्जियम के जूलियन कैरेगी को सीधे गेम में हराया। भारत के दुनिया के 18वें नंबर के खिलाड़ी लक्ष्य ने दुनिया के 52वें नंबर के खिलाड़ी कैरेगी को 43 मिनट में 21-19, 21-14 से शिकस्त दी। लक्ष्य ने ग्रुप के अपने पहले मैच में रविवार को केविन कोर्डन को हराया था लेकिन गुआटेमाला के खिलाड़ी के कोहनी की चोट के कारण प्रतियोगिता से हटने के बाद उनके सभी नतीजों को डिलीट कर दिया गया। इस तरह ग्रुप एल में अब सिर्फ तीन खिलाड़ियों के बीच चुनौती की है जबकि पहले चार खिलाड़ी दावेदारी पेश कर रहे थे।
अब क्रिस्टी से भिड़ेंगे लक्ष्य
विश्व चैंपियनशिप के पूर्व कांस्य पदक विजेता लक्ष्य अब अपने अंतिम ग्रुप मैच में 31 जुलाई को इंडोनेशिया के दुनिया के तीसरे नंबर के खिलाड़ी जोनाथन क्रिस्टी से भिड़ेंगे। यह मुकाबला ग्रुप एल से प्री क्वार्टर फाइनल में जगह बनाने वाले खिलाड़ी का फैसला करेगा क्योंकि अभी क्रिस्टी और लक्ष्य दोनों ने ही एक-एक मैच जीता है जबकि कैरेगी अपने दोनों मुकाबले हारकर बाहर हो चुके हैं।
कैरेगी ने लक्ष्य को दी चुनौती
कैरेगी के खिलाफ लक्ष्य से आसान जीत दर्ज करने की उम्मीद की जा रही थी लेकिन बेल्जियम के खिलाड़ी से उन्हें कड़ी टक्कर मिली, विशेषकर पहले गेम में। लक्ष्य ने काफी सहज गलतियां भी की जिससे उनकी राह मुश्किल हुई। उन्होंने कई शॉट नेट पर और बाहर मारकर अंक गंवाए। कैरेगी ने पहले गेम में लक्ष्य की गलतियों का फायदा उठाकर अधिकांश समय बढ़त बनाए रखी, लेकिन भारतीय खिलाड़ी महत्वपूर्ण लम्हों पर धैर्य बरकरार रखकर जीत दर्ज करने में सफल रहा। राष्ट्रमंडल खेल के स्वर्ण पदक विजेता लक्ष्य ने मुकाबले की अच्छी शुरुआत करते हुए 4-2 की बढ़त बनाई लेकिन इसके बाद कुछ सहज गलतियां की जिससे कैरेगी 8-5 से बढ़त बनाने में सफल रहे। लक्ष्य ने इस दौरान कुछ शॉट बाहर मारे जबकि कैरेगी के क्रॉस कोर्ट स्मैश भी दमदार थे।