फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Paris Olympics: हरमनप्रीत ओलंपिक में भारतीय पुरुष हॉकी टीम की कप्तानी करने वाले 22वें खिलाड़ी, देखें पूरी सूची

Fri, 26 Jul 2024 05:47 PM IST
स्वप्निल शशांक स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली

सार

जयपाल सिंह मुंडा ओलंपिक में भारतीय हॉकी टीम के पहले कप्तान थे। उनकी कप्तानी में भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने एम्स्टर्डम 1928 ओलंपिक खेलों में पहली बार स्वर्ण पदक जीता था। 
विज्ञापन
भारतीय हॉकी टीम - फोटो : PTI
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

पेरिस ओलंपिक 2024 का आगाज होने जा रहा है। भारत से इस साल 117 खिलाड़ियों का दल पेरिस पहुंच चुका है। एथलीट्स टोक्यो ओलंपिक के सात पदकों के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ भारत के पदकों की संख्या को 10 के पार पहुंचाना चाहेंगे। भारतीय पुरुष हॉकी टीम से भी इस बार काफी उम्मीदें हैं। टीम ने पिछली बार कांस्य पर कब्जा जमाया था। टीम इस साल स्वर्ण पर निशाना साधना चाहेगी। 1980 के बाद से भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने ओलंपिक में स्वर्ण पदक नहीं जीता है। 
विज्ञापन

 

हरमनप्रीत 22वें खिलाड़ी

मनप्रीत सिंह और हरमनप्रीत सिंह - फोटो : PTI
इस साल जब पेरिस ओलंपिक में हरमनप्रीत सिंह बतौर कप्तान मैदान पर उतरेंगे, तो वह ओलंपिक में भारतीय पुरुष हॉकी टीम का नेतृत्व करने वाले 22वें कप्तान बन जाएंगे। मनप्रीत सिंह टोक्यो 2020 में भारतीय पुरुष हॉकी टीम के कप्तान थे। तब भारत ने कांस्य पदक जीतकर ओलंपिक हॉकी पदक के लिए 41 साल का इंतजार खत्म किया था। अब हरमनप्रीत भी ग्रीष्मकालीन खेलों में भारतीय टीम का नेतृत्व करने वाले कप्तानों की उस सूची में शामिल हो गए जिसमें मेजर ध्यानचंद, कुंवर दिग्विजय सिंह और बलबीर सिंह (सीनियर) जैसे दिग्गज शामिल हैं।

जयपाल सिंह मुंडा पहले कप्तान

मेजर ध्यानचंद - फोटो : Twitter
जयपाल सिंह मुंडा ओलंपिक में भारतीय हॉकी टीम के पहले कप्तान थे। उनकी कप्तानी में भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने एम्स्टर्डम 1928 ओलंपिक खेलों में पहली बार स्वर्ण पदक जीता था। सैयद लाल शाह बुखारी, जिन्होंने लॉस एंजिल्स 1932 में भारतीय हॉकी टीम को एक और स्वर्ण पदक दिलाया था, बाद में भारत की स्वतंत्रता और विभाजन के बाद पाकिस्तान के राजनयिक बन गए। ध्यानचंद (एम्स्टर्डम 1928, लॉस एंजिल्स 1932, बर्लिन 1936) और बलबीर सिंह सीनियर (लंदन 1948, हेलसिंकी 1952, मेलबर्न 1956) तीन स्वर्ण पदक जीतने वाली भारतीय हॉकी टीमों के हिस्सा रहे थे।

ध्यानचंद और बलबीर की कप्तानी में भी जीते स्वर्ण

बलबीर सिंह सीनियर - फोटो : Twitter
ध्यानचंद 1936 के संस्करण के लिए कप्तान थे, जबकि बलबीर सिंह सीनियर ने 1956 के मेलबर्न खेलों में टीम की कप्तानी की थी। लेस्ली क्लॉडियस ने ओलंपिक में भारतीय पुरुष हॉकी टीम के साथ चार पदक जीते, जिसमें तीन स्वर्ण और एक रजत पदक (रोम 1960) शामिल है। उन्होंने खुद 1960 रोम ओलंपिक में भारतीय टीम की कप्तानी की थी। 1968 में मैक्सिको सिटी ओलंपिक में भारत के संयुक्त कप्तान रहे थे। तब गुरबख्श सिंह और पृथ्वीपाल सिंह की अगुआई में टीम ने कांस्य पदक जीता था।

परगट सिंह ने रचा था इतिहास

2024 ओलंपिक के लिए भारतीय पुरुष हॉकी टीम - फोटो : PTI
परगट सिंह दो ओलंपिक में फील्ड हॉकी में भारत का नेतृत्व करने वाले एकमात्र व्यक्ति हैं। वह बार्सिलोना 1992 और अटलांटा 1996 ओलंपिक में भारतीय पुरुष हॉकी टीम के कप्तान थे। 1980 मॉस्को ओलंपिक में तमिलनाडु के वासुदेवन भास्करन भारतीय हॉकी टीम के कप्तान रहे थे। वह ओलंपिक में भारतीय पुरुष हॉकी टीम को स्वर्ण दिलाने वाले आखिरी कप्तान हैं। 

ओलंपिक में भारतीय पुरुष हॉकी टीम की कप्तानी करने वाले खिलाड़ी
कप्तान ओलंपिक परिणाम
जयपाल सिंह मुंडा एम्स्टर्डम 1928 स्वर्ण
सैयद लाल शाह बुखारी लॉस एंजेल्स 1932 स्वर्ण
ध्यान चंद बर्लिन 1936 स्वर्ण
किशन लाल लंदन 1948 स्वर्ण
के.डी. सिंह 'बाबू' हेलसिंकी 1952 स्वर्ण
बलबीर सिंह सीनियर मेलबर्न 1956 स्वर्ण
लेस्ली क्लॉडियस रोम 1960 रजत
चरणजीत सिंह टोक्यो 1964 स्वर्ण
गुरबख्श सिंह / पृथ्वीपाल सिंह मेक्सिको 1968 कांस्य
हार्मिक सिंह म्यूनिख 1972 कांस्य
अजीत पाल सिंह मॉन्ट्रियल 1976 7वां स्थान
वासुदेवन बसकरन मॉस्को 1980 स्वर्ण
जफर इकबाल लॉस एंजेल्स 1984 5वां स्थान
एम. एम. सोमाया सियोल 1988 6ठा स्थान
परगट सिंह बार्सिलोना 1992 7वां स्थान
परगट सिंह अटलांटा 1996 8वां स्थान
रमणदीप सिंह ग्रेवाल सिडनी 2000 7वां स्थान
दिलीप टिर्की एथेंस 2004 7वां स्थान
भरत छेत्री लंदन 2012 12वां स्थान
पी.आर. श्रीजेश रियो 2016 8वां स्थान
मनप्रीत सिंह टोक्यो 2020 कांस्य
हरमनप्रीत सिंह पेरिस 2024 ?
विज्ञापन

महिला हॉकी इस साल क्वालिफाई नहीं कर सकी

भारतीय महिला हॉकी टीम - फोटो : PTI
महिलाओं में रूपा सैनी 1980 मॉस्को ओलंपिक में भारत की कप्तान रही थीं। यह पहला ओलंपिक था जब भारतीय महिला हॉकी टीम ने इन खेलों में हिस्सा लिया था। तब भारत चौथे स्थान पर रहने के बाद कांस्य पदक से चूक गया। 2016 रियो ओलंपिक में जब भारतीय टीम ने दूसरी बार ओलंपिक के लिए क्वालिफाई किया तो सुशीला चानू पुखरंबम कप्तान रही थीं। भारतीय महिला हॉकी टीम ने 36 साल के लंबे अंतराल के बाद रियो 2016 में ओलंपिक के लिए क्वालिफाई किया था। फॉरवर्ड रानी रामपाल टोक्यो 2020 ओलंपिक में भारतीय महिला हॉकी टीम की कप्तानी रही थीं। भारत एक बार फिर चौथे स्थान पर रहा। कांस्य पदक के मैच में भारत ग्रेट ब्रिटेन से 4-3 से हार गया था। पेरिस ओलंपिक के लिए भारतीय महिला हॉकी टीम क्वालिफाई नहीं कर सकी।

ओलंपिक में भारतीय महिला हॉकी टीम की कप्तान
नाम ओलंपिक परिणाम
रूपा सैनी मॉस्को 1980 चौथा स्थान
सुशिला चानू रियो 2016 12वां स्थान
रानी रामपाल टोक्यो 2020 चौथा स्थान
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें