कभी रियल मैड्रिड के सजिर्यो रामोस और बार्सिलोना के लियोनल मेसी के बीच छत्तीस का आंकड़ा था। मेसी दो दशक से लंबे समय के बाद बार्सिलोना से विदाई लेकर अब पेरिस सेंट जर्मेन क्लब में शामिल हो गए हैं। हालात बदले तो प्रतिद्वंद्वी दोस्त हो गए हैं। सर्जियो रामोस ने अर्जेंटीनी सुपरस्टार मेसी को संदेश भिजवाया है कि जब तक पेरिस में उन्हें नया घर नहीं मिलता तो होटल में रहने की बजाय वह सपरिवार उनके घर रह सकते हैं। मेसी फिलहाल परिवार के साथ एक होटल में रह रहे हैं। रामोस ने एक शांति संदेश भेजकर मेसी से कहा, 'दोस्त होटल में रहते बोर हो गए होंगे, मेरे घर में रह सकते हो।'
फुटबॉल जगत में रियल मैड्रिड और बार्सिलोना की प्रतिद्वंद्विता एल क्लासिको जगजाहिर है। रामोस और मेसी कभी अपने-अपने क्लब के कप्तान थे। अब दोनों एक ही टीम यानी पेरिस सेंट जर्मेंन का ड्रेसिंग रूम साझा करेेंगे। माना जा रहा है कि दोनों धुरंधरों के तालमेल से पीएसजी की पहली बार चैंपियंस लीग खिताब जीतने की हसरत पूरी हो सकेगी। सूत्रों का कहना है कि मैदान की प्रतिद्वंद्विता अलग चीज है लेकिन रामोस हमेशा से मेसी का सम्मान करते हैं। रामोस ही नहीं अब पूरा पेरिस सेंट जर्मेन चाहता है कि मेसी को अपने नए क्लब में कोई परेशानी न हो। उनके तीनों बच्चों थियागो, मेताओ और सिरो के लिए नया स्कूल भी तलाशा जा रहा है।
माना जा रहा है कि मेसी के बार्सिलोना क्लब में आने के पीछे नेमार की भी भूमिका है। खुद मेसी ने माना है कि उनके कदम के बारे में पीएसजी के कई साथियों को पता था। नेमार ने भी काफी कुछ किया है और उनकी भूमिका महत्वपूर्ण रही है। मेसी और नेमार चार साल बार्सिलोना में रहे हैं। उसके बाद अगस्त 2017 में नेमार रिकॉर्ड धनराशि पर पीएसजी में आ गए थे।