स्टार फुटबॉलर लियोनल मेसी ने ला लीगा में 300 गोलों का आंकड़ा पार कर लिया है। बुधवार रात मैड्रिड में खेले गए एक मुकाबले में बार्सिलोना ने स्पोर्टिंग गिजोन को 3-1 से पराजित कर दिया।
इस जीत से बार्सिलोना ला लीगा की अंक तालिका में शीर्ष पर पहुंच गया है। अब उसके 24 मैचों में 60 अंक हो गए हैं और वह दूसरे स्थान पर काबिज एटलेटिको से छह अंक ऊपर हो गया है।
पांच बार के वर्ल्ड प्लेयर ऑफ द ईयर मेसी ने मैच के 25वें मिनट में गोल कर बार्सिलोना को 1-0 से आगे कर दिया। यह मेसी का इस लीग में 300वां गोल था।
इसके बाद मेसी ने 31वें मिनट में दूसरा गोल दागकर अपने गोलों की संख्या 301 पहुंचा दी। बार्सिलोना के लिए तीसरा गोल लुइस सुआरेज ने 67वें मिनट में किया जबकि गिजोन की ओर से एकमात्र गोल गार्सिया कार्लोस कास्ट्रो ने 27वें मिनट में किया। गिजोन के 24 मैचों में 23 अंक हैं और वह तालिका में 16वें स्थान पर है।
रोनाल्डो और जेसे के गोल से जीता रियल मैड्रिड
रोम में चल रहे चैंपियंस लीग मुकाबले में स्पेन के अग्रणी फुटबॉल क्लब रियल मैड्रिड ने अंतिम-16 दौर के पहले चरण के मुकाबले में इटली के रोमा क्लब को 2-0 से पराजित कर दिया।
रियल के लिए क्रिस्टियानो रोनाल्डो ने 57वें मिनट में गोल दागा। रोनाल्डो का चैंपियंस लीग में यह कुल 89वां गोल था जबकि मौजूदा सीजन का उनका यह 12वां गोल है।
निर्धारित समय से चार मिनट पहले जेसे रोड्रिगेज ने 86वें मिनट में रियल के लिए दूसरा गोल कर टीम के लिए जीत की मुहर लगा दी।