खिताब की प्रबल दावेदार ब्राजील ने अपनी प्रतिष्ठा मुताबिक प्रदर्शन करते हुए पेरू को 1-0 से हराकर कोपा अमेरिका फुटबॉल के फाइनल में प्रवेश कर लिया। निल्टन सांतोस स्टेडियम पर खेले गए इस मैच में एकमात्र गोल में नेमार ने सूत्रधार की भूमिका निभाई। उन्होंने डिफेंडर अलेक्जेंडर कालेंस से गेंद लेकर लुकास पाकेटा को सौंपी जिसने उसे नेट के भीतर पहुंचा दिया।
टीम की हार के बावजूद पेरू के गोलकीपर पेड्रो गालेसे ने शानदार प्रदर्शन करके कई गोल बचाए। पहले हाफ में नेमार और रिचार्लीसन के गोल उन्होंने नहीं बचाए होते तो हार का अंतर अधिक होता। ग्रुप चरण में ब्राजील ने पेरू को 4-0 से हराया था लेकिन इस मैच में कहानी दूसरी थी। दूसरे हाफ में जियांलुका लापाडुला के शॉट पर ब्राजील के गोलकीपर एडरसन ने शानदार बचाव किया। ब्राजील के कोच टिटे ने बाद में स्वीकार किया,‘यह काफी थकाऊ मैच था। शारीरिक और मानसिक रूप से। कोपा अमेरिका मानसिक मैराथन से कम नहीं।’
14 सत्र में नौवां फाइनल : ब्राजील की टीम 14 सत्र में नौ बार खिताबी मुकाबले में पहुंचने में सफल रही है। इस बार उसे ऐन मौके पर मेजबान बनाया गया क्योंकि मूल मेजबान अर्जेंटीना और कोलंबिया पीछे हट गए थे। दो साल पहले नेमार चोटिल होने के कारण नहीं खेले थे लेकिन ब्राजील ने पेरू को 3-1 से हराकर खिताब जीता था। अगले शनिवार को फाइनल में मेजबान की हौसला अफजाई के लिए उसके उत्साही प्रशंसक नहीं होंगे जिनके स्टेडियम में प्रवेश पर कोरोना ने रोक लगा दी है। पेरू तीसरे स्थान के प्लेआफ में दूसरे सेमीफाइनल में हारने वाली टीम से खेलेगा।
नेमार ने कहा कि ‘मैं चाहता हूं कि फाइनल अर्जेंटीना से हो। मेरे उस टीम में कई दोस्त हैं और मैं उनसे फाइनल ख्रेलना चाहता हूं। जीत तो ब्राजील की ही होगी।’ 2019 के फाइनल में ब्राजील ने पेरू को हराकर जीता था नौवीं बार खिताब।