अखिल भारतीय फुटबॉल महासंघ (एआईएफएफ) के अध्यक्ष और बीजेपी नेता कल्याण चौबे ने बुधवार को पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को पत्र लिखकर कोलकाता में होने वाले डूरंड कप मैच को बहाल करने की मांग की। दरअसल, हाल ही में कोलकाता स्थित आरजी कर मेडिकल कॉलेज और अस्पताल में ट्रेनी महिला डॉक्टर के साथ दुष्कर्म और हत्या की वारदात को अंजाम दिया गया था। इसके बाद मोहन बागान और ईस्ट बंगाल के बीच रविवार (18 अगस्त) होने वाला मुकाबला विरोध प्रदर्शन के चलते रद्द कर दिया गया था।
मौजूदा चैंपियन मोहन बागान और ईस्ट बंगाल भी अपने क्वार्टर फाइनल मैच घरेलू मैदान पर नहीं खेल रहे हैं। मोहन बागान का क्वार्टर फाइनल मुकाबला 23 अगस्त को जमशेदपुर में पंजाब एफसी से होगा जबकि ईस्ट बंगाल का मुकाबला बुधवार को शिलांग में शिलांग लाजोंग से होगा। हालांकि, सॉल्ट लेक स्टेडियम में शुक्रवार को बेंगलुरू एफसी बनाम केरला ब्लास्टर्स क्वार्टर फाइनल मैच खेला जाना है।