चौथे सेट की शुरुआत भी भारतीय जोड़ी ने की और पहले दो शॉट में 17 अंक बनाए। वहीं, कोउफहोल्ड और एलिसन की अमेरिकी जोड़ी ने पहले दो शॉट में 19 का स्कोर किया और दो अंक की बढ़त ली। भारतीय जोड़ी ने चौथे सेट में कुल 35 का स्कोर किया। अमेरिका जोड़ी ने चौथे सेट में 37 अंक बनाए और सेट तथा मैच अपने नाम किया। भारत के सामने कांस्य जीतकर इतिहास रचने का मौका था, लेकिन धीरज और अंकिता की जोड़ी 2-6 से यह मुकाबला हार गई और पदक से चूक गई।
भारतीय जोड़ी ने तीसरे सेट में कुछ वापसी की कोशिश की और पहले दो शॉट में कुल 19 अंक बनाए। दूसरी तरफ कोउफहोल्ड और एलिसन की अमेरिकी जोड़ी ने 17 का स्कोर किया जिससे भारत ने दो अंक की बढ़त ली। धीरज और अंकिता की जोड़ी ने तीसरे सेट में कुल 38 का स्कोर किया, जबकि अमेरिका की जोड़ी 33 का ही स्कोर कर सकी। इस तरह भारत ने यह सेट जीतकर अपनी उम्मीदें बनाए रखी हैं। अमेरिका हालांकि फिलहाल 4-2 से आगे चल रहा है।
भारत ने दूसरे सेट के पहले दो शॉट में कुल 17 का स्कोर किया, जबकि अमेरिकी जोड़ी ने 18 अंक का स्कोर कर एक अंक की बढ़त बनाई। भारतीय जोड़ी ने दूसरे सेट में कुल 35 का स्कोर किया। दूसरी ओर अमेरिका ने 37 का स्कोर कर 4-0 की बढ़त बना ली है। भारत को अब हर हाल में अगला सेट जीतना होगा। अगर भारतीय जोड़ी ऐसा करने में असफल रही तो वे कांस्य पदक हासिल नहीं कर सकेंगे।
अमेरिकी जोड़ी ने पहले सेट के शुरुआती दो शॉट में 19 का स्कोर किया, जबकि भारतीय जोड़ी ने पहले दो शॉट में 17 का स्कोर किया और अमेरिका ने दो अंक की बढ़त बना ली है। कोउफहोल्ड और एलिसन की अमेरिकी जोड़ी ने पहले सेट में कुल 38 का स्कोर किया। भारतीय जोड़ी ने अगले दो शॉट में वापसी की, लेकिन यह बढ़त लेने के लिए काफी नहीं था। भारत ने पहला सेट 37-38 के अंतर से गंवाया।
इस मुकाबले में हार के बाद भारतीय तीरंदाज धीरज बोम्मादेवरा ने कहा, "हम बहुत खुश हैं, हमने पिछले ओलंपिक की तुलना में अच्छा प्रदर्शन किया। साथ ही, हमें बुरा भी लगा क्योंकि हम पदक से एक कदम दूर रह गए। अगर हम अपने प्रदर्शन की तुलना करें तो बहुत सुधार हुआ है।"
अंकिता भकत और धीरज बोम्मादेवरा की भारतीय मिश्रित युगल तीरंदाजी जोड़ी का अमेरिका की कैसी और एलिसन की जोड़ी से कांस्य पदक का मुकाबला शुरू हो गया है। यह पहली बार है जब भारतीय तीरंदाज ओलंपिक में पदक का मुकाबला खेल रहे हैं।
अंकिता भकत और धीरज बोम्मादेवरा की भारतीय मिश्रित युगल तीरंदाजी जोड़ी का कांस्य पदक के मुकाबले में अब अमेरिका से सामना होगा। अमेरिका को एक अन्य सेमीफाइनल में जर्मनी से हार का सामना करना पड़ा। भारतीय जोड़ी के सामने अब कैसी कोउफहोल्ड और ब्रैडी एलिसन की अमेरिकी जोड़ी की चुनौती होगी। अगर भारतीय जोड़ी कांस्य पदक जीतने में सफल रही तो इतिहास रच देगी क्योंकि तीरंदाजी में अब तक भारत को कभी कोई ओलंपिक पदक नहीं मिला है।
अंकिता और धीरज की जोड़ी ने चौथी सेट के शुरुआती दो शॉट में 18 का स्कोर किया। दूसरी ओर, शियोन लिम और वूजिन किम की जोड़ी ने शुरुआती दो शॉट में परेफेक्ट 10 का स्कोर कर 20 का स्कोर किया और दो अंक की बढ़त ले ली। भारतीय जोड़ी ने अगले दो शॉट में परेफेक्ट 10 का स्कोर किया जिससे उसका कुल स्कोर 38 रहा। कोरियाई जोड़ी ने हालांकि, अगले दोनों शॉट में 10, 10 का स्कोर किया और 39 अंक लेकर इस मुकाबले को जीता। भारत यह मैच 2-6 से हार गया। भारतीय जोड़ी के पास हालांकि, अभी कांस्य पदक जीतने का मौका है। वहीं, कोरिया की टीम फाइनल में पहुंच गई है और उसने कम से कम रजत पदक पक्का कर लिया है।
शियोन लिम और वूजिन किम की जोड़ी ने तीसरे सेट की शानदार शुरुआत की और पहले दो शॉट में 19 का स्कोर किया। भारतीय जोड़ी ने पहले दो शॉट में 18 का स्कोर किया। तीसरे सेट में कोरियाई जोड़ी ने कुल 38 का स्कोर किया है। धीरज और अंकिता की जोड़ी तीसरे सेट में भी पीछे रही और ये तीरंदाज तीसरे सेट में कुल 36 का ही स्कोर कर सके। कोरियाई जोड़ी ने इस तरह भारत पर 4-2 की बढ़त ले ली है।
कोरियाई जोड़ी ने वापसी करते हुए दूसरे सेट के शुरुआती दो शॉट में परपेक्ट 10 का शॉट खेला और 20 अंक बनाए। दूसरी ओर, भारतीय जोड़ी ने शुरुआती दो शॉट में 17 अंक जुटाए। शियोन लिम और वूजिन किम की जोड़ी ने दूसरे सेट में कुल 38 का स्कोर किया। दूसरी ओर, धीरज और अंकिता की जोड़ी दूसरे सेट में कुल 35 का ही स्कोर कर सकी। कोरियाई जोड़ी ने दूसरे सेट में 10, 10, 9, 9 का स्कोर किया, जबकि भारतीय जोड़ी ने 8, 9, 9, 9 का स्कोर किया।
भारत के खिलाफ कोरियाई जोड़ी ने शुरुआत कर दी है। कोरिया ने पहले सेट के शुरुआती दो शॉट में 17 अंक बनाए, जबकि भारतीय जोड़ी ने शुरुआत दो शॉट में 19 अंक लेकर बढ़त बनाई। कोरिया ने अगले दोनों शॉट में 10, 9 का स्कोर किया और उनका कुल स्कोर 36 रहा। भारत ने पहला सेट अपने नाम किया और कोरिया पर 2-0 की बढ़त बना ली है। कोरिया ने पहले सेट में 36 अंक बनाए, जबकि भारतीय जोड़ी ने 38 अंक बनाकर सेट अपने नाम किया।
भारत और कोरिया के बीच मिश्रित युगल तीरंदाजी स्पर्धा का सेमीफाइनल मैच शुरू हो चुका है। भारतीय टीम इतिहास रचने से एक कदम दूर है।
भारत का सामना अब कोरिया की शियोन लिम और वूजिन किम की जोड़ी से होगा। भारत के लिए हालांकि कोरियाई जोड़ी का सामना करना आसान नहीं होगा। अगर भारतीय जोड़ी किसी तरह इस चुनौती से पार पाने में सफल रही तो इतिहास रच देगी। मालूम हो कि भारत को ओलंपिक के इतिहास में कभी तीरंदाजी में कोई पदक नहीं मिला है और धीरज तथा अंकिता के पास इतिहास रचने का यह सुनहरा अवसर है।
भारत के धीरज बोम्मादेवरा और अंकिता भकत की मिश्रित युगल तीरंदाजी जोड़ी ने पेरिस ओलंपिक की तीरंदाजी स्पर्धा के क्वार्टर फाइनल में पाब्लो गोंजालेस और ईलिया केनालेस की स्पेन की जोड़ी को 5-3 से हराकर अंतिम चार में जगह बनाई। भारतीय जोड़ी अब तीरंदाजी में देश के पहले ओलंपिक पदक से एक जीत दूर है। क्वालीफिकेशन दौर में पांचवें स्थान पर रहने वाले धीरज और अंकिता ने पाब्लो और ईलिया की जोड़ी को 38-37, 38-38, 36-37, 37-36 से हराया।