भारतीय बैडमिंटन खिलाड़ी लक्ष्य सेन को पेरिस ओलंपिक में पुरुष एकल सेमीफाइनल में गत चैंपियन विक्टर एक्सेलसन से हार मिली। हालांकि, एक्सेलसन लक्ष्य से प्रभावित हुए और उन्होंने कहा कि यह भारतीय खिलाड़ी इस मैच में नर्वस था। एक्सेलसन ने लक्ष्य को 22-20, 21-14 से हराया और प्रतिभाशाली भारतीय खिलाड़ी के खिलाफ दोनों गेम में पिछड़ने के बाद वापसी करने में सफल रहे। लक्ष्य अब सोमवार को कांस्य पदक के लिए खेलेंगे। एक्सेलसन दो बार के ओलंपिक स्वर्ण पदक विजेता के रूप में चीन के दिग्गज लिन डैन की बराबरी करने से एक जीत दूर हैं।
'लॉस एंजिलिस में स्वर्ण जीतने के दावेदार होंगे लक्ष्य'
एक्सेलसन ने यह भी भविष्यवाणी की कि भारतीय युवा खिलाड़ी चार साल बाद लॉस एंजिलिस 2028 खेलों में स्वर्ण पदक जीतने के प्रबल दावेदारों में से एक होगा। एक्सेलसन ने कहा, लक्ष्य एक अद्भुत खिलाड़ी हैं। उन्होंने इस ओलंपिक में दिखाया है कि वह एक बहुत ही मजबूत प्रतिद्वंद्वी हैं और मुझे यकीन है कि अब से चार साल बाद वह स्वर्ण पदक जीतने के प्रबल दावेदारों में से एक होंगे। एक शानदार प्रतिभा और एक बेहतरीन खिलाड़ी और मैं उन्हें शुभकामनाएं देता हूं। वह दोनों गेम में अधिकांश समय बहुत अच्छा खेल रहा था लेकिन मैं शांत रहने और सही खेल खेलने से मैच जीतने में कामयाब रहा। लेकिन पूरा श्रेय उसे भी जाता है।
एक्सेलसन को दबाव से निपटने के बारे में कुछ बातें पता हैं और उन्होंने कहा कि उनके अनुभव ने उन्हें लक्ष्य की कड़ी चुनौती का सामना करने में मदद की जो सेमीफाइनल मुकाबले के अधिकांश समय बेहतर खिलाड़ी दिखने के बावजूद नर्वस लग रहे थे। एक्सेलसन ने कहा, मुझे लगता है कि अनुभव ने अंतर पैदा किया। मुझे लगता है कि लक्ष्य खेल के अधितकर हिस्से में मेरे से बेहतर खेला। इसलिए वह मैच जीत सकता था। अगर आप सोचना शुरू करते हैं तो आपको समस्या होती है और मुझे लगता है कि लक्ष्य ने इस बारे में बहुत सोचा होगा। यह उनके लिए बहुत बड़ी बात थी।
'लक्ष्य नर्वस हो गए थे'
उन्होंने कहा, वह शायद सोचने लगा था, ओह, अगर मैं यह गेम जीत लेता हूं तो मेरे पास लय होगी, मेरे पास बड़ा मौका है, लेकिन फिर, ऐसा सोचना बहुत स्वाभाविक है। मैं खुद भी उस स्थिति से गुजरा हूं और मुझे लगता है कि वह थोड़ा नर्वस हो गया था। जब आप नर्वस होते हैं तो मुझे पता है कि मुझे हमला करना है और मुझे शॉट को कोर्ट पर रखना है और सही शॉट खेलना है क्योंकि तब वह शायद नर्वस होने के कारण कोई गलती कर सकता है।