भारतीय महिला टीम ने बुडापेस्ट में जारी शतरंज ओलंपियाड 2024 में स्वर्ण पदक जीतकर इतिहास रच दिया। इससे पहले पुरुष टीम ने भी स्वर्ण पदक अपने नाम किया था। अब महिलाओं ने भारत को दोहरी खुशी दी है। महिला टीम में हरिका द्रोणावल्ली, वैशाली रमेशबाबू, दिव्या देशमुख, वंतिका अग्रवाल, तानिया सचदेव शामिल हैं।
2022 में जीता था कांस्य
भारतीय महिला टीम ने चेन्नई में 2022 के चरण में कांस्य पदक जीता था। मौजूदा टूर्नामेंट में भारतीय महिलाओं ने अजरबेजान को 3.5-0.5 से हराकर देश के लिए स्वर्ण पदक हासिल किया। डी हरिका ने पहले बोर्ड पर तकनीकी श्रेष्ठता दिखाई और दिव्या देशमुख ने एक बार फिर अपने प्रतिद्वंद्वी को पछाड़कर तीसरे बोर्ड पर अपना व्यक्तिगत स्वर्ण पदक पक्का किया। आर वैशाली के ड्रॉ खेलने के बाद वंतिका अग्रवाल की शानदार जीत से भारतीय टीम ने स्वर्ण पदक सुनिश्चित किया।
पुरुष टीम ने भी जीता सोना
इससे पहले रविवार को पुरुष टीम ने भी स्वर्ण पदक जीता। टीम ने ओपन वर्ग में स्वर्ण जीतकर इतिहास रच दिया। भारतीय पुरुष टीम में गुकेश, प्रज्ञानंद, अर्जुन एरिगैसी, विदित गुजराती, पेंटाला हरिकृष्णा और श्रीनाथ नारायणन (कप्तान) शामिल थे। इस टूर्नामेंट में यह भारतीय पुरुष टीम का पहला स्वर्ण है। इससे पहले भारत ने 2022 में कांस्य पदक जीता था। यह टूर्नामेंट घरेलू सरजमीं पर ही आयोजित किया गया था। वहीं, 2014 में भारतीय टीम ने कांस्य पदक जीता था।