युकां ने कांग्रेस को भेजी 1100 रुपये राशि।
- फोटो : संवाद
हिमाचल प्रदेश के ऊना-हमीरपुर रेललाइन को इस बार भी केंद्रीय बजट में तरजीह न मिलने पर प्रदेश युवा कांग्रेस ने नए तरीके से रोष जताया है। युकां प्रदेश महासचिव रजनीश मेहता की अध्यक्षता में केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर को इस परियोजना के लिए 1100 रुपये की सहयोग राशि के साथ एक पत्र भी भेजा गया है। मेहता ने कहा कि दो साल से ऊना-हमीरपुर रेललाइन को केंद्र सरकार के आम बजट में शामिल नहीं किया जा रहा है। इसकी डीपीआर 2019 में तैयार की गई थी। इसी संसदीय क्षेत्र के सांसद अनुराग ठाकुर केंद्र सरकार में मंत्री हैं। वह अपने ड्रीम प्रोजेक्ट को बजट में तरजीह दिलवाने में नाकाम रहे हैं। प्रोजेक्ट को फाइल में जिंदा रखने के लिए इसके हिस्से में 1 हजार की राशि दो साल में बजट में डाली जा रही है।
अनुराग ठाकुर ने वर्ष 2014 के लोकसभा चुनाव से पहले हमीरपुर संसदीय क्षेत्र की जनता को ऊना से हमीरपुर तक रेल पहुंचाने का वादा किया था। कहा था कि 2020 के केंद्रीय बजट में इसे मंजूरी दिलवाकर बजट का प्रावधान करवाया जाएगा। उत्तर रेलवे ने साल 2017-18 के बजट में यह परियोजना शामिल की थी। लगभग 2850 करोड़ की लागत का आकलन रखा था। साल 2019 में इसकी डीपीआर तैयार की गई तो इसका आकलन बढ़कर लगभग 5821.47 करोड़ हो गया। इसकी लागत कम करने के लिए रेलवे ने बैठक करनी थी, लेकिन केंद्रीय मंत्री कैबिनेट कमेटी इकॉनमिक अफेयर (सीसीईए) की बैठक तक नहीं करवा पाए। कहा कि केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर को पत्र लिखकर मांग की है कि आगामी बजट सत्र में इस रेललाइन के लिए बजट का प्रावधान नहीं करवा सके तो युकां पूरे प्रदेश में अनुराग के खिलाफ मुहिम चलाएगी। ब्लॉक युकां उपाध्यक्ष आशीष शर्मा, प्रदेश सोशल मीडिया सचिव नितेश राणा, जिला सोशल मीडिया कोआर्डिनेटर गौरी शंकर, अनीश शर्मा और सचिन भारद्वाज मौजूद रहे।