युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष बीवी श्रीनिवास ने कहा कि केंद्र सरकार की अग्निपथ योजना देश की सुरक्षा व्यवस्था से खिलवाड़ है। चुनाव के समय राष्ट्रवाद के नाम पर वोट मांगने वालों ने सरकार में आने के बाद सेना भर्ती की तैयारी करने वाले युवाओं से धोखा किया। श्रीनिवास ने कहा कि प्रदेश की जनता जयराम सरकार को नौकरियां नीलाम करने वाली सरकार के रूप में याद करेगी। एक के बाद एक पेपर लीक हो रहे हैं, लेकिन मुख्यमंत्री दिल्ली दरबार के नेताओं की मेहमान नवाजी में व्यस्त हैं।
कांग्रेस पूर्व सैनिक विभाग उपाध्यक्ष सुरेश कुमार सहगल, पूर्व सैनिक राम लाल ठाकुर, हीरा सिंह ठाकुर ने अपनी बात रखते हुए कहा कि अग्निपथ योजना युवाओं के साथ धोखा है। चार साल बाद यह अग्निवीर केवल बेरोजगारी के आंकड़े को बढ़ाएंगे। अभी सैनिक कल्याण बोर्ड में 3,000 के करीब पद खाली पड़े हैं। जब उन्हें ही नहीं भरा जा रहा तो बाद में रिटायर होकर आने वाले अग्निवीरों को नौकरी देना नामुमकिन होगा।