योजना बोर्ड के उपाध्यक्ष और ज्वालामुखी के विधायक रमेश धवाला ने शनिवार को ज्वालामुखी नगर परिषद कार्यालय में कार्यरत कर्मचारियों को लताड़ लगाई। मामले का वीडियो सोशल मीडिया में खूब वायरल हो रहा है। धवाला ज्वालामुखी नगर परिषद कार्यालय में मनोनीत सदस्यों के शपथ ग्रहण समारोह में आए थे। एसडीएम मनोज ठाकुर ने मनोनीत सदस्यों को शपथ दिलाई। उसके बाद रमेश धवाला ने कार्यालय का औचक निरीक्षण किया और कार्यालय में पड़े सामान को लेकर गुस्सा हो गए।
दरअसल, कार्यालय के एक कमरे में जेई की कुर्सी और चारपाई दोनों साथ ही लगे थे। इस पर धवाला ने खूब लताड़ लगाई और कहा जब संस्था के अधिकारी ही सही नहीं हैं तो शहर के करोड़ों के विकास कार्य कैसे होंगे। उन्होंने पूछताछ की कि यह बिस्तर यहां क्यों है तो कोई भी अधिकारी सही जवाब नहीं दे पाया। दरअसल, नगर परिषद कार्यालय अब मंदिर मार्ग में बने नए कार्यालय में शिफ्ट हो गया है, लेकिन अभी भी पुराने कार्यालय में काम किया जा रहा है।
कमरों में समान पड़ा है। एक कमरा जेई का है, जिसमें कुर्सी के साथ बिस्तर भी लगा है। धवाला ने कहा कि जब किसी संस्था का अनुशासन ही नहीं है तो वह औरों का क्या काम करेगी। करोड़ों के विकास कार्य आ रहे हैं और यहां कर्मी बिस्तर लगा कर सो रहे हैं। यह किस तरह की संस्था है। धवाला ने ईओ को भी नसीहत दी और कहा कि यहां की देखरेख उनके हवाले है। इसलिए सभी कार्य अनुशासित होने चाहिए। धवाला के तेवर देखकर हर कोई हैरान था।