पतंजलि योगपीठ के विशेषज्ञ एक साल में योग से लोगों का वजन घटाएंगे।
पतंजलि योगपीठ के विशेषज्ञ एक साल में योग से लोगों का वजन घटाएंगे। इसके लिए देश के 24 राज्यों के 60 जिलों में शिविर शुरू किए जा रहे हैं। इनमें कुल्लू व कांगड़ा जिला भी शामिल हैं। हर जिला में 120 लोगों पर मोटापा कम करने के लिए अनुसंधान होगा।
पतंजलि रिसर्च फाउंडेशन हरिद्वार का दावा है कि बाबा रामदेव के निर्देशन में पतंजलि हरिद्वार में छह माह में 40 किलोग्राम वजन काम करने का प्रमाण है। इस अनुसंधान से साबित किया जाएगा कि योग से मोटापा कम होता है। शिविर में पंजीकृत प्रतिभागियों को एक वर्ष के लिए योग करवाया जाएगा।
प्रतिदिन दो घंटे योग करवाया जाएगा। वहीं, वर्ष में पांच टेस्ट निशुल्क किए जाएंगे। पंजीकृत प्रतिभागियों के मोटापे पर रिसर्च भी किया जाएगा। इसके लिए फाउंडेशन के डॉक्टर, वैज्ञानिक व लैब तकनीशियन निशुल्क सेवा देंगे। कुल्लू में शिविर का आयोजन नौ मई से शुरू किया जाएगा।
पंजीकृत हर प्रतिभागी का एक फाइल तैयार की जाएगी। इसमें प्रतिभागी से संबंधित हर प्रकार की जानकारी होगी। हर प्रतिभागी को अलग-अलग डाइट चार्ट समेत अन्य चीजें बताई जाएंगी। रजिस्ट्रेशन के लिए प्रतिभागी को 21 सौ रुपये चुकता करने होंगे।
इधर, पतंजलि रिसर्च फाउंडेशन के रिसर्च युवा प्रभारी गुलवंदन ने बताया कि पंजीकृत प्रतिभागियों का मोटापा एक वर्ष के भीतर योग के माध्यम से कम किया जाएगा। केवल प्रतिभागी से सदस्यता शुल्क लिया जाएगा, ताकि अन्य प्रतिभागी शिविर में रुचि लें।