पुलिस सब इंस्पेक्टर की लिखित परीक्षा में उत्तीर्ण 316 महिला अभ्यर्थियों में से 94 ही ग्राउंड टेस्ट पास कर पाईं।
- फोटो : अमर उजाला
पुलिस सब इंस्पेक्टर की लिखित परीक्षा में उत्तीर्ण 316 महिला अभ्यर्थियों में से 94 ही ग्राउंड टेस्ट पास कर पाईं। हिमाचल प्रदेश अधीनस्थ सेवाएं चयन बोर्ड हमीरपुर की ओर से महिला सब इंस्पेक्टर के 16 पद भरे जाने हैं।
दो दिवसीय भर्ती रैली राजकीय बहुतकनीकी कालेज बड़ू में आयोजित की गई। पहले दिन कुल 159 महिला अभ्यर्थियों ने अपना भाग्य आजमाया। पहले दिन महज 50 महिला अभ्यर्थी ही ग्राउंड टेस्ट क्लीयर कर सकी हैं।
दूसरे दिन कुल 156 महिला अभ्यर्थियों में मैदान में अपना भाग्य आजमाया। इसमें महज 44 महिला अभ्यर्थी ही ग्राउंड टेस्ट में उत्तीर्ण रहीं। महिला सब इंस्पेक्टर पद के लिए 17 जनवरी को 2971 अभ्यर्थियों ने लिखित परीक्षा दी थी।
लिखित परीक्षा का परिणाम 29 मार्च को घोषित किया गया था। इसमें महज 316 अभ्यर्थी ही उत्तीर्ण रही हैं। अब इनमें से महज 94 अभ्यर्थियों ने ही ग्राउंड टेस्ट पास किया। 220 अभ्यर्थियों की सांसें ग्राउंड टेस्ट में ही फूल गईं हैं।
अधिकतर महिला अभ्यर्थी लांग और हाई जंप में ही बाहर हो गईं, जबकि कुछेक 800 मीटर दौड़ में बाहर हो गई हैं। उधर, हिमाचल प्रदेश अधीनस्थ सेवाएं चयन बोर्ड के अंडर सेक्रेटरी उत्तम पटियाल का कहना है कि दूसरे दिन ग्राउंड टेस्ट में महज 44 अभ्यर्थी ही उत्तीर्ण हुई हैं।