हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी की अध्यक्ष प्रतिभा सिंह का कहना है कि मौजूदा भाजपा सरकार ने अपने पांच वर्षों के कार्यकाल में सिर्फ पूर्व की वीरभद्र सरकार के समय में शुरू हुए विकास कार्यों के उद्घाटन ही किए हैं। जनता भली भांति जानती है कि प्रदेश में विकास किसने करवाया है। प्रतिभा सिंह ने पार्टी के भीतर चल रही गुटबाजी की बातों को सिरे से खारिज किया। उन्होंने कहा कि पार्टी में सब एकजुट हैं। सिरमौर में हुई घटना पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि वहां मंच पर इतने अधिक लोग चढ़ गए कि बैठने के लिए जगह ही नहीं बची।
ऐसे में जो विधायक हैं, उन्होंने मंच से किसी को हटाने की बजाय खुद ही नीचे बैठना उचित समझा। हालांकि बाद में उन्हें मंच पर ही बैठाया गया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी में प्रधानमंत्री को हिटलर किसने कहा है, उन्हें इसकी जानकारी नहीं है, लेकिन प्रधानमंत्री जैसे पद पर बैठे व्यक्ति के प्रति ऐसी बयानबाजी उचित नहीं है। इस मौके पर पूर्व विधायक सोहन लाल ठाकुर, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष हेमंत शर्मा और महासचिव चुनी लाल अवस्थी मौजूद रहे।