सुरक्षा के लिहाज से प्रदेश के संवेदनशील स्थानों पर रात को अब महिलाएं अकेला महसूस नहीं करेंगी। इन स्थानों पर पुलिस का पहरा बैठाने की तैयारी है। टैक्सी और बस स्टैंड सहित अन्य स्थानों को चिन्हित किया जाएगा। ताकि, रात के समय महिलाओं में असुरक्षा की भावना न बने। तेलंगाना और उन्नाव कांड के बाद हिमाचल पुलिस महिलाओं की सुरक्षा के लिए नई पहल करने की तैयारी में है।
पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर डीआईजी टीटीआर को सभी जिलों में ऐसे स्पॉट तलाशने के लिए कहा गया है, जहां पर महिलाओं की मौजूदगी तो रहती है लेकिन पुलिस बल नहीं होता। उन स्थानों को प्राथमिकता दी जाएगी, जो रात के समय अपराध के लिहाज से संवेदनशील हो सकते हैं। इनमें खासतौर पर टैक्सी और बस स्टैंड या ऐसे स्थान शामिल हैं। जहां महिलाओं को बस आदि का इंतजार करना होता है। पुलिस की तैयारी यह है कि ऐसी जगहों का चयन किया जाए और रात के समय पुलिस का बंदोबस्त किया जा सके।