हिमाचल में महिला सैलानियों की सुरक्षा और सुविधा को ध्यान में रखते हुए राज्य सरकार महिला केंद्रित पर्यटन नीति (शी टूरिस्ट पॉलिसी) तैयार करने जा रही है। इस नीति का उद्देश्य अकेले यात्रा करने वाली महिलाओं को सुरक्षित, भरोसेमंद और सुविधाजनक माहौल उपलब्ध कराना है। इसमें महिला पर्यटकों की मेजबानी अब महिलाएं करेंगी। पर्यटन विभाग ने शुक्रवार को इस बारे में पर्यटन कारोबारियों, होटल संचालकों, होम स्टे मालिकों और अन्य हितधारकों के साथ वर्चुअल बैठक की, जिसमें सुझाव मांगे गए हैं। बैठक में महिला पर्यटकों के लिए प्रमुख पर्यटन स्थलों पर वन स्टॉप हेल्प डेस्क स्थापित करने का प्रस्ताव रखा गया, जहां सुरक्षा, मार्गदर्शन और आपात सहायता मिलेगी।
महिला केंद्रित पर्यटन नीति का उद्देश्य सुरक्षित और भरोसेमंद वातावरण उपलब्ध कराना है। सभी सुझावों पर विचार कर व्यावहारिक और प्रभावी नीति बनाई जाएगी। इस पहल से प्रदेश की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी और हिमाचल को एक सुरक्षित पर्यटन गंतव्य के रूप में ब्रांडिंग करने में मदद मिलेगी। - विवेक भाटिया, निदेशक पर्यटन विभाग