सुक्खू ने मोदी को पीएम बनने पर दी बधाई
मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने नरेंद्र मोदी को भारत के प्रधानमंत्री का पदभार ग्रहण करने पर बधाई दी है। उन्होंने विश्वास जताया कि मोदी देश और प्रदेश के लोगों की आकांक्षाओं पर खरा उतरेंगे। मुख्यमंत्री ने आशा व्यक्त की कि उनके नेतृत्व में केंद्र सरकार से हिमाचल प्रदेश की विकासात्मक आवश्यकताओं के लिए उदार वित्तीय सहायता प्राप्त होगी।
तीसरी बार भी ऐतिहासिक होगा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का कार्यकाल : जयराम
नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने नरेंद्र मोदी को तीसरे कार्यकाल के लिए प्रधानमंत्री पद की शपथ लेने के लिए बधाई देते हुए कहा कि यह भाजपा समेत पूरे देश के लिए गौरव की बात है। उन्होंने तीसरी बार भाजपा और एनडीए को अपार जनसमर्थन देने के लिए देशवासियों का भी आभार व्यक्त किया। जयराम ठाकुर ने कहा है कि मोदी का प्रधानमंत्री के रूप में तीसरा कार्यकाल ऐतिहासिक होगा। जयराम ठाकुर दिल्ली पहुंच कर एनडीए के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल हुए। जयराम ठाकुर ने कहा कि मोदी ने पहले ही साफ़ कर दिया है कि तीसरा कार्यकाल बाकी दोनों कार्यकाल से अलग और ऐतिहासिक उपलब्धियों से भरा हुआ होगा। मोदी के हर बड़े फैसले के साथ खड़े हैं। उनके कदम से कदम मिलाकर चलने को तत्पर हैं। मोदी की सरकार सबका साथ-सबका विकास के लक्ष्य के साथ काम करेगी और देश के हर वंचित वर्ग के उत्थान के लिए काम करेगी।
भाजपा नेताओं ने भी दी नड्डा को बधाई
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा के केंद्र में मंत्री बनने पर नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल, महामंत्री त्रिलोक कपूर, बिहारी लाल शर्मा, राज्यसभा सदस्य डॉ. सिकंदर कुमार, हर्ष महाजन और इंदु गोस्वामी के अलावा पार्टी के मुख्य प्रवक्ता राकेश जमवाल, मीडिया प्रभारी कर्ण नंदा, त्रिलोक जमवाल, संदीपनी भारद्वाज, विनोद कुमार, जनक राज, विपिन सिंह परमार, बिक्रम ठाकुर, गोविंद ठाकुर, सुखराम चौधरी, रीना कश्यप, सूरत नेगी, वीरेंद्र कश्यप, लखविंदर राणा, राकेश शर्मा, संजय शर्मा, सुधीर शर्मा, लोकिंदर कुमार, दीपराज कपूर, दिलीप ठाकुर ने बधाई दी। नवनियुक्त सांसद अनुराग ठाकुर, सुरेश कश्यप, डॉ. राजीव भारद्वाज और कंगना रणौत ने भी उनको शुभकामनाएं दीं।