शहर में बीते पांच दिनों से सुबह-शाम कोहरा और दिन में अच्छी धूप खिल रही थी। जिससे लोगों को दिन में राहत मिली। लेकिन शुक्रवार को फिर से शहर में घना कोहरा छा गया।
कोहरे के प्रकोप ने एक बार फिर ऊना मुख्यालय को घेर लिया है। शुक्रवार को ऊना मुख्यालय में कोहरे की सफेद चादर बिछी रही। इस बीच ऊना शहर के लोगों को कई परेशानियों का सामना करना पड़ा। शहर में बीते पांच दिनों से सुबह-शाम कोहरा और दिन में अच्छी धूप खिल रही थी। जिससे लोगों को दिन में राहत मिली। लेकिन शुक्रवार को फिर से शहर में घना कोहरा छा गया। सर्द हवाओं ने लोगों को ठंड से ठिठुरने के लिए मजबूर कर दिया। बिगड़े मौसम के बीच कार्यालय और अन्य कामकाज के लिए सुबह घर से निकलने वाले लोगों को अपने गंतव्य पर पहुंचने के लिए परेशानी झेलनी पड़ी।
विज्ञापन
लोग ठंड में ठिठुरते हुए अपने गंतव्य तक पहुंचे। वहीं, वाहन चालकों के लिए दिन में अंधेरे जैसे हालात बन गए। चालकों को वाहनों की लाइटें जलाकर चलना पड़ा। इस दौरान कुछ चौक-चौराहों पर दिन में भी स्ट्रीट लाइटें जलती नजर आईं। उधर, स्कूली बच्चों को भी स्कूल पहुंचने के लिए दिक्कतों का सामना करना पड़ा। कुछ अभिभावक अपने बच्चों को स्वयं स्कूल छोड़ने पहुंचे। ऊना मुख्यालय और स्वां नदी से सटे क्षेत्रों में कोहरे का प्रकोप अधिक रहता है। हालांकि, कुछ जगहों जैसे अंब क्षेत्र में सुबह धुंध के बाद धूप भी खिली।