पार्किंग निर्माण, सड़कों के मरम्मत कार्यों में तेजी लाने को कहा अमर उजाला ब्यूरो शिमला। राजधानी में एक महीने के भीतर वार्डाें में क्या नए काम हुए, पुराने काम कितने पूरे हुए, इसकी पूरी रिपोर्ट अब नगर निगम अधिकारियों को हर माह की पहली तारीख को देनी होगी।
महापौर सुरेंद्र चौहान ने सोमवार को सड़क एवं भवन निर्माण शाखा के अधिकारियों की बैठक के दौरान यह निर्देश दिए। इस दौरान महापौर ने सभी कनिष्ठ अभियंताओं से उनके वार्डाें में किए जा रहे नए कामों की रिपोर्ट भी ली। कहा कि पार्किंग निर्माण, सड़कों और रास्तों की मरम्मत के काम तेज किए जाएं। निर्माण पूरा होने के बाद बचा हुआ मलबा और निर्माण सामग्री भी मौके से हटाई जाए ताकि जनता को परेशानी न हो। कहा कि हर महीने की पहली तारीख को अधिकारी अपने वार्डाें की पूरी रिपोर्ट लेकर ही बैठक में आएं। इसी तरह आने वाले दिनों में बाकी शाखाओं के काम की रिपोर्ट भी ली जाएगी। महापौर ने वन विभाग को भी निर्देश दिए कि जिन पेड़ों को काटने की मंजूरी मिल चुकी हैं, उनके बारे में संबंधित लोगों को जल्द मंजूरी पत्र जारी किए जाएं।