लाहौल-स्पीति में कोकसर-रोहतांग मार्ग पर ग्रांफू में बर्फ के दीदार को पहुंचे सैलानी।
- फोटो : अमर उजाला
हिमाचल प्रदेश के मौसम में लगातार ठंडक बढ़ती जा रही है। केलांग के बाद अब कल्पा का न्यूनतम तापमान भी माइनस में पहुंच गया है। रविवार रात को केलांग में न्यूनतम तापमान माइनस 3.5, कल्पा में माइनस 1.0, मनाली में 1.6, कुफरी में 3.6 और शिमला में 5.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ। प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों का न्यूनतम तापमान रविवार रात को 12 डिग्री से कम रहा।
सोमवार को प्रदेश भर में धूप खिलने के बावजूद अधिकतम तापमान में तीन से चार डिग्री की कमी आई है। ऊना में अधिकतम तापमान 27.2, बिलासपुर 25.5, सुंदरनगर 23.7, कांगड़ा 23.5, नाहन 23.1, हमीरपुर 22.7, चंबा 21.8, सोलन 21.5, मंडी 21.2, धर्मशाला 20.6, शिमला 15.5, कल्पा 13.8 और केलांग-डलहौजी में 10.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने 19 नवंबर तक प्रदेश में मौसम साफ बना रहने की संभावना जताई है।
मंडी और चंबा में महसूस हुए भूकंप के झटके
सोमवार को मंडी और चंबा जिले के कुछ क्षेत्रों में भूकंप के झटके महसूस किए गए। भूकंप से किसी भी प्रकार के जानमाल के नुकसान की सूचना नहीं है। मंडी में सोमवार तड़के 3:13 बजे आए भूकंप के झटकों की तीव्रता रिक्टर स्केल पर 2.9 मापी गई। चंबा में सोमवार को 11:14 मिनट पर भूकंप के झटके महसूस हुए। रिक्टर स्केल पर भूकंप की तीव्रता 3.4 मापी गई।