परियोजनाओं से आपूर्ति बढ़ने के बाद कंपनी ने संजौली, छोटा शिमला और सेंट्रल जोन में तीसरे दिन पानी देने के दिए निर्देश
भारी बारिश थमने के बाद परियोजनाओं में घट गई है गाद, रविवार को मिला 38.97 एमएलडी पानी
अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। शहरवासियों को सोमवार से अब एक दिन छोड़कर यानि तीसरे दिन पानी मिलने लगेगा। पेयजल परियोजनाओं से शहर के लिए पानी की आपूर्ति बढ़ने के बाद कंपनी ने राजधानी के ज्यादातर इलाकों में तीसरे दिन पानी देने के निर्देश दिए हैं।
संजौली जोन के बाद छोटा शिमला, सेंट्रल जोन में भी तीसरे दिन पानी देने को कहा गया है। अभी तक शहर में चौथे दिन दिन पानी दिया जा रहा था। इससे लोगों को परेशानी झेलनी पड़ रही थी। कंपनी का दावा है कि भारी बारिश का दौर थमने से पेयजल परियोजनाओं में गाद घट गई है। इससे गिरि समेत अन्य परियोजनाओं में पंपिंग बढ़ी है। रविवार को शहर को सभी परियोजनाओं से 38.97 एमएलडी पानी मिला है। इससे पहले शनिवार को शहर को 40 एमएलडी से ज्यादा पानी मिला था। शिमला शहर को रोज पानी देने के लिए करीब 48 एमएलडी पानी की जरूरत पड़ती है। भारी बारिश के चलते पिछले 15 दिन से शहर को 30 एमएलडी से भी कम पानी मिल रहा था। इससे शहर में पानी का संकट खड़ा हो गया था। हालांकि, अब राहत मिलने लगी है। आने वाले एक हफ्ते में भारी बारिश का पूर्वानुमान नहीं है। ऐसे में अब लोगों को नियमित पेयजल आपूर्ति मिल सकती है। कंपनी के अनुसार रविवार शाम को भी गिरि-गुम्मा से सामान्य आपूर्ति शहर को हुई है। इससे टैंक भी भरे जा रहे हैं। सोमवार ज्यादातर इलाकों में पानी दिया जाएगा।
जिले में 124 पेयजल योजनाएं ठप
जिला शिमला में भारी बारिश के कारण 124 पेयजल योजनाएं ठप पड़ी हैं। कुपवी, कुमारसैन और चौपाल में ज्यादातर पेयजल योजनाएं प्रभावित हुई हैं। पानी न आने से इन इलाकों में लोगों को परेशानी झेलनी पड़ रही है। जिले में 144 बिजली ट्रांसफार्मर भी बंद पड़े हैं। इन्हें दुरुस्त करने के लिए काम चलाया जा रहा है। जिला प्रशासन के अनुसार सड़कों, रास्तों को बहाल करने के लिए मशीनरी दिनरात काम में जुटी है। पेयजल योजनाएं और बिजली आपूर्ति बहाल करने के लिए भी संबंधित विभागों को निर्देश दिए गए हैं।