बनेर खड्ड फंसे चार युवकों को सुरक्षित बचाया
- फोटो : अमर उजाला
हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले के नगरोटा बगवां में बनेर खड्ड में नहाने उतरे दिल्ली के चार सैलानी अचानक जलस्तर बढ़ने के कारण टापू पर फंस गए। पानी का बहाव तेज होने और ऐसी परिस्थिति में बाहर निकलने का ज्ञान न होने के कारण चारों युवक घबरा गए। सूचना मिलते ही चारों युवकों को पुलिस ने फायर ब्रिगेड की सहायता से सुरक्षित बचाया गया। बचाए गए चारों युवक हिमाचल घूमने आए थे। यह हादसा शनिवार सायं उस समय हुआ, जब युवक नगरोटा-बलधर रोड से गुजरने वाली बनेर खड्ड में चले गए। इस दौरान धौलाधार की पहाड़ियों की पहाड़ियों पर हुई भारी बारिश के बाद अचानक खड्ड के जलस्तर में हुई बढ़ोतरी से वह खड्ड के बीच स्थित एक टापूनुमा स्थान में फंस गए। एसडीएम शशिपाल नेगी को कबाड़ी पंचायत के प्रधान ने जैसे ही इस घटना की सूचना दी तो उन्होंने तुरंत एसएचओ अशोक राणा को मौके पर पुलिस टीम भेजने को कहा।
ये भी पढ़ें:
मौसम: रोहतांग समेत ऊंची चोटियों पर गिरे बर्फ के फाहे, प्रदेश में छह अक्तूबर तक जारी रहेगी बारिश
एसएचओ अशोक राणा ने बताया कि एएसआई सुशील कुमार की अगवाई में पुलिस टीम को मौका पर भेजा गया। साथ ही फायर ब्रिगेड को भी बुलाया गया। उन्होंने बताया कि पुलिस और फायर ब्रिगेड के प्रयासों से लगभग आधे घंटे की मशक्कत के बाद टापूनुमा स्थान से उन्हें बाहर निकाला गया। इस दौरान मौके पर बड़ी संख्या में लोगों का जमावड़ा लग गया। उन्होंने बताया कि यह चारों युवक दिल्ली के रहने वाले हैं, जिनमें शिवम भारद्वाज पुत्र आंनद भारद्वाज निवासी हाउस नंबर 1478 नरेला दिल्ली, जय पुत्र रवि दत्त निवासी हाउस नंबर 105 मेन बाजार झंडा चौक दिल्ली, जतिन आर्य पुत्र राजव्रत आर्य निवासी हाउस नंबर 1480 नरेला दिल्ली व हेमंत पुत्र इंद्रजीत निवासी हाउस नंबर 1727 नरेला शामिल हैं।