सबसे पहले केआर धीमान पानी का बिल लेकर न्यू शिमला दफ्तर पहुंचे
न्यू शिमला में काउंटर बंद होने पर सब्जी मंडी स्थित दफ्तर भेज दिया
सब्जी मंडी दफ्तर से कहा-रिज में जाकर जमा करवाओ
रिज पहुंचे तो कहा-पद्मदेव परिसर में जमा करवाओ
पद्मदेव परिसर पहुंचे तो बोले-पहले सब्जी मंडी में बिल ठीक करवाओ
सब्जी मंडी में बिल ठीक किया-फिर पद्मदेव परिसर में बिल जमा हुआ
हजारों उपभोक्ता भुगत रहे परेशानी
एक बिल जमा करने में पूर्व वीसी को पूरा दिन लग गया। यह परेशानी सिर्फ पूर्व वीसी ने नहीं झेली बल्कि आए दिन हजारों लोग ऐसे ही बिल जमा करवाने के लिए चक्कर काट रहे हैं। कंपनी ने एरियर वाले करीब पांच हजार से ज्यादा बिल जारी किए हैं। यह वो उपभोक्ता हैं जिन्होंने पिछला बिल बैंक में जमा किया था। इन सबको एरियर वाले बिल जारी हुए हैं। यह बिल खुद उपभोक्ता को ही ठीक करने पड़ रहे हैं।
पूर्व वीसी समेत शहर के बुजुर्ग लोग नगर निगम और पेयजल कंपनी की इस व्यवस्था पर सवाल उठा रहे हैं। पूछ रहे हैं कि आखिर एक ही छत के नीचे यह सुविधाएं क्यों नहीं दी जा रही है। ऑनलाइन व्यवस्था कहां है? यदि बिल गलत है तो कंपनी भुगतान की जगह ही इसे ठीक करने की व्यवस्था करे।
ऐसे बचें परेशानी से
यदि आपको भी गलत बिल जारी हुआ है तो यह सब्जी मंडी स्थित कंपनी के दफ्तर में ही ठीक होगा। दूसरे दफ्तर न जाएं। बिल ठीक करने के बाद इसे पद्मदेव परिसर, रिज मैदान या वार्ड स्थित किसी भी दफ्तर में जमा करवा सकते हैं।
वार्डों में चल रहे हैं काउंटर : गुप्ता
पेयजल कंपनी के एजीएम विजय गुप्ता ने कहा कि वार्डों में काउंटर चल रहे हैं। न्यू शिमला में क्यों बिल नहीं जमा हो रहे, इसका पता किया जाएगा। कहा कि जो बिल गलत जारी हुए हैं, उन्हें ठीक करवाया जा रहा है। जल्द आनलाइन सुविधा और अलग काउंटर भी खोल रहे हैं। इससे परेशानी खत्म हो जाएगी।