राजधानी शिमला और स्मार्ट सिटी धर्मशाला में मंगलवार दोपहर बाद हल्की बारिश हुई। जबकि, हिमाचल के अन्य क्षेत्रों में मौसम साफ रहा। इस बीच, प्रदेश में मौसम का मिजाज फिर बिगड़ने जा रहा है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने बुधवार से तीन दिनों तक येलो अलर्ट जारी किया है। प्रदेश के कई क्षेत्रों में 13 से 15 मई तक अंधड़ और ओलावृष्टि की चेतावनी जारी की है। 18 मई तक पूरे प्रदेश में मौसम खराब बना रहने का पूर्वानुमान है।
राजधानी शिमला में मंगलवार को चार और धर्मशाला में तीन मिलीमीटर बारिश दर्ज हुई। शिमला शहर में दोपहर करीब दो बजे कुछ देर के लिए हल्की ओलावृष्टि भी हुई। उधर, मंगलवार को ऊना में अधिकतम तापमान 36.6, बिलासपुर में 35.0, हमीरपुर में 34.7, कांगड़ा में 31.3, सुंदरनगर में 31.9, नाहन में 29.9, सोलन में 27.5, चंबा में 29.5, धर्मशाला में 25.6, शिमला में 21.0, कल्पा में 19.8 और केलांग में 15.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। उधर, सोमवार रात को केलांग में न्यूनतम तापमान 3.0, कल्पा में 5.7 और शिमला में 12.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।