मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा है कि पिछले कुछ दिनों में देश के विभिन्न हिस्सों में फंसे लगभग एक लाख हिमाचलवासी राज्य में वापस आए हैं। सीएम ने कहा कि कुछ दिनों में लगभग 55 हजार और लोगों के वापस आने की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि कुछ लोग रेड और ऑरेंज जोन से आ रहे हैं। इसलिए जरूरी है कि उचित स्वास्थ्य जांच हो और उन्हें क्वारंटीन में रखा जाए।
सीएम ने मंगलवार को पंचायत प्रतिनिधियों को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से संबोधित कर कहा कि प्रधान, आशा कार्यकर्ता और अन्य स्वास्थ्य कार्यकर्ता बाहर से आने वाले लोगों के पहुंचने से पहले उनके घरों पर पहुंचे। सीएम ने इस दौरान पंचायत प्रधानों द्वारा लोगों को आरोग्य सेतु ऐप को डाउनलोड करने के लिए प्रेरित करने की सराहना की। सीएम ने कहा कि पंचायती राज संस्थाओं के निर्वाचित प्रतिनिधियों को अपने-अपने पंचायतों में विभिन्न विकासात्मक गतिविधियों को शुरू करने के लिए आगे आना चाहिए। उन्होंने कहा कि मनरेगा के तहत काम में भी तेजी लाई जानी चाहिए।