मनाली (कुल्लू)। पर्यटन नगरी मनाली में वोल्वो बस स्टैंड के पास बुधवार को उत्तर प्रदेश का वोल्वो बस चालक ब्यास नदी में गिरकर बह गया। ब्यास के तेज बहाव में वह कुछ मीटर तक बहने के बाद पत्थरों बीच फंस गया। उसे अग्निशमन विभाग मनाली की टीम ने रेस्क्यू किया। करीब एक घंटे तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद उसे सुरक्षित निकाला गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार वह वोल्वो बस का चालक है। नदी के तट पर हाथ-मुंह धोते हुए वह फिसलकर अचानक गिर गया। जानकारी के अनुसार मनाली शहर से करीब एक किलोमीटर दूर वोल्वो बस स्टैंड के पास बुधवार दोपहर को 23 वर्षीय अश्वनी कुमार, पुत्र पप्पू निवासी अलीगढ़, सरोज नगर गांधी पार्क (उत्तर प्रदेश) ब्यास नदी में बह गया था। लोगों ने उसे देखा और इसकी तुरंत सूचना अग्निशमन केंद्र मनाली को दी। सूचना मिलते ही अग्निशमन केंद्र की टीम मौके पर पहुंची। घटनास्थल पर पहुंचकर नदी पर रस्सी व सीढ़ी की सहायता से पुल बनाकर युवक को सुरक्षित िनिकाला और स्थानीय पुलिस के सुपुर्द किया गया। अग्निशमन केंद्र के प्रभारी दीपक ने बताया कि युवक को रेस्क्यू कर दिया गया है। उसे हल्की चोटें भी आई हैं।