विश्वकर्मा दिवस पर राजधानी शिमला में प्राइवेट बस सेवा सुबह ग्यारह बजे के बाद शुरू हुई। प्राइवेट बसों के चालक, परिचालकों ने बसों की सफाई और सजावट के बाद पूजा अर्चना की।
निजी बस ऑपरेटर यूनियन के प्रधान कमल ठाकुर ने बताया कि शुक्रवार सुबह सभी चालक, परिचालकों ने अपनी गाड़ियों की सजावट की। कई जगह विश्वकर्मा पूजा करवाई गई। कार्यक्रम के दौरान भगवान विश्वकर्मा की प्रतिमा पर फूल चढ़ाए और मिठाइयां बांटी गईं।
एचआरटीसी की ढली स्थित कार्यशाला में विश्वकर्मा दिवस पर औजारों की पूजा अर्चना की गई। सुबह सभी कर्मचारियों ने मिलकर कार्यशाला की सफाई की और औजारों की पूजा की। विश्वकर्मा दिवस पर तारादेवी वर्कशाप में भगवान विश्वकर्मा की प्रतिमा पर कर्मचारियों ने फूल चढ़ाए।
तारादेवी वर्कशाप के हेड मैकेनिक शंकर सिंह ठाकुर ने बताया कि वीरवार सुबह सभी कर्मचारी वर्कशाप में इकट्ठे हुए। उधर, रुलदूभट्ठा में स्थानीय लोगों ने एकत्र होकर विश्वकर्मा पूजन किया।