अनुशासन के बिना सेना नहीं जीत सकती। बंटी हुई सेना हमेशा हारती है। अब समय आ गया है कि सुक्खू कुर्सी छोड़ें। प्रदेश अध्यक्ष की कमान किसी पुरुष अथवा महिला को भी दी जा सकती है। नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि उन्होंने जयराम सरकार को छह माह का समय दिया था, लेकिन अभी तक कोई खास कार्य नहीं हुआ है।
अब वह सरकार को बताएंगे की किस तरह से कार्य किए जाते हैं। 25 साल तक सरकार चलाने की बात करने वाले जयराम पहले पांच साल का कार्यकाल तो पूरा कर लें। कहा कि उन्हें ऐसा लगता है कि वह ज्यादा समय तक कुर्सी पर नहीं बैठ पाएंगे। सीएम विधायक दलों की बैठक में स्वयं कह रहे हैं कि उनके विधायक उनको सपोर्ट नहीं कर रहे हैं।
मुकेश ने कहा कि जयराम ठाकुर को मुख्यमंत्री बनने का अभी तक यकीन नहीं हो रहा है। शायद इसीलिए वह जहां-तहां नाटियां डाले जा रहे हैं। सीएम को चाहिए कि वे राजेंद्र सिंह राणा का आभार जताने के अलावा अपने कमरे में मोदी की जगह राणा की फोटो लगाएं।
धूमल को घर बैठाया, अब अनुराग की बारी- सुजानपुर के विधायक राजेंद्र राणा ने कहा कि भाजपा के सीएम पद के उम्मीदवार धूमल को हराकर तो उन्होंने घर बैठा दिया है। अब लोकसभा चुनावों में भाजपा के हमीरपुर संसदीय क्षेत्र के उम्मीदवार अनुराग ठाकुर की बारी है। उन्हें भी पेंशन लगवाकर घर बैठा देंगे।
वीरभद्र के पास हैं दैवीय शक्तियां- सुजानपुर के विधायक राजेंद्र सिंह राणा ने रैली में कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के पास जनता के सहयोग के अलावा दैवीय शक्तियां भी हैं। इसी वजह से जिसने भी उनसे टक्कर ली उसे मुंह की खानी पड़ी।
राणा ने कहा विधानसभा चुनाव में भाजपा के सीएम चेहरे की हार इसी का नतीजा था। दैवीय शक्तियां वीरभद्र के साथ भविष्य में भी कुछ बुरा नहीं होने देंगी। कांग्रेस प्रदेश की चारों लोकसभा सीटें जीतेगी।