सर्वकल्याणकारी संस्था के बहाने राज्य आपदा प्रबंधन बोर्ड के अध्यक्ष राजेंद्र राणा सुजानपुर में मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह से अपनी कई मांगें पूरी करवाने में कामयाब रहे। वीरभद्र सिंह ने भी राणा की मांगों को पूरा करने का आश्वासन दिया।
उन्होंने कहा कि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सुजानपुर को स्तरोन्नत कर नागरिक अस्पताल बनाया जाएगा। सुजानपुर टीहरा में नए बस अड्डे के निर्माण की घोषणा की। सुजानपुर में सब्जी मंडी एवं विपणन यार्ड के निर्माण की संभावनाओं को तलाशा जाएगा।
वीरभद्र सिंह ने कहा कि प्रदेश सरकार ने हाल ही में चंबा तथा सिरमौर के साथ-साथ हमीरपुर में भी मेडिकल कॉलेज स्थापित करने की घोषणा की है। वीरभद्र सिंह ने कहा कि हिमाचल के लोग भाईचारे एवं सद्भावना के साथ रहते हैं।
लोगों को ऐसे समाज विरोधी तत्वों से सावधान रहना चाहिए जो लोगों को ऊपरी व निचले हिमाचल के नाम पर बांटने की कोशिश करते हैं। उन्होंने ग्राम पंचायत बगेहड़ा के बीड़, ग्राम पंचायत सकंदर के सिसवां तथा ग्राम पंचायत टिपरी के नौंहगी में आयुर्वेदिक स्वास्थ्य केंद्रों को आरंभ करने की भी घोषणा की।