21 सितंबर को धंस गई थी संपर्क सड़क, मालवाहक वाहनों की आवाजाही थी बंद
संवाद न्यूज एजेंसी
शिमला। कार्ट रोड को सब्जी मंडी से जोड़ने वाली संपर्क सड़क वाहनों के लिए बहाल कर दी गई है। इससे शहर के सब्जी मंडी और लोअर बाजार के सैकड़ों कारोबारियों को राहत मिलेगी। साथ ही सब्जियां लेकर सब्जी मंडी आने वाले किसानों को अब पीठ पर सब्जियां ढोने की परेशानी नहीं होगी।
यह सड़क 21 सितंबर को धंस गई थी। कार्ट रोड के पास सड़क पर बड़ा गड्ढा पड़ गया था। नगर निगम ने अब इसे मिट्टी से भरकर बहाल कर दिया है। करीब 20 दिन बाद यह सड़क मालवाहक वाहनों के लिए सुरक्षित हुई है।
शहर में सुबह के समय बाहरी राज्यों से दूध और ब्रेड की सप्लाई लेकर आने वाली गाड़ियों के अलावा आसपास के क्षेत्रों के सैकड़ों किसान रोजाना अपनी नकदी फसल लेकर इस सड़क से सब्जी मंडी आते हैं। इसके अलावा कारोबारी भी अपना सामान इसी सड़क से मंडी मैदान तक पहुंचाते हैं। सड़क बंद होने के कारण इन गाड़ियों को कार्ट रोड पर ही खड़ा करना पड़ता था। मजदूरों को अतिरिक्त मजदूरी देकर सामान मंडी तक पहुंचाना पड़ता था। हालांकि अब इस समस्या से राहत मिलेगी।
नगर निगम ने बताया कि टारिंग में अभी कुछ समय लगेगा। रामबाजार वार्ड से पार्षद सुषमा कुठियाला ने कहा कि सड़क पर आवाजाही सुचारू हो गई है। दो-तीन दिन के भीतर सड़क को पक्का करने का काम भी शुरू कर दिया जाएगा।
स्कूटर से लेकर पिकअप चल रहीं
सब्जी मंडी जाने वाली सड़क की हालत पहले काफी खस्ता थी। इस सड़क से रोजाना स्कूटर, बाइक और मालवाहक वाहन चलते हैं। इसके अलावा कूड़े के ट्रक भी आवाजाही करते हैं। इसी वजह से सड़क पर गड्ढे पड़ गए थे। कई वाहन फंस जाते थे, जिससे नुकसान होता था। स्कूटर और बाइक सवारों को भी आवाजाही में मुश्किलें पेश आती थीं। सड़क पक्की होने के बाद चालकों को काफी राहत मिलेगी।