धावकों ने दौड़ से दिया नशे से दूर रहने का संदेश अमर उजाला ब्यूरो शिमला। हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय के शारीरिक शिक्षा विभाग ने वीरवार को विवि में जिला स्तरीय क्राॅस कंट्री दौड़ का आयोजन किया। इसमें दो सौ से अधिक धावकों ने भाग लिया और नशे से दूर रहने तथा स्वस्थ जीवन जीने का संदेश दिया।
आयोजन में विवि के अधिष्ठाता अध्ययन प्रो. बीके शिवराम ने परिसर से क्राॅस कंट्री को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। जूनियर गर्ल्स क्रॉस कंट्री में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला फागली की अनामिका ने पहला, भट्ठाकुफर स्कूल की डिंपल ने दूसरा और अंजू ने तीसरा स्थान पाया। जूनियर बॉयज के वर्ग में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला समरहिल के हरीश ने प्रथम, पीएमश्री टुटू स्कूल के पिंकू ने दूसरा तथा समरहिल स्कूल के विक्रांत ने तीसरा पुरस्कार हासिल किया।
वरिष्ठ वर्ग की क्राॅस कंट्री में विवि के जूलॉजी विभाग की वीना ने पहला, शारीरिक शिक्षा की कल्पना ने दूसरा तथा योग विभाग की वंदना ने तीसरा पुरस्कार पाया। बॉयज सीनियर वर्ग में शारीरिक शिक्षा विभाग के किशोरी ने पहला, योग विभाग के नितेश सिंगटा ने दूसरा और योग विभाग के छात्र भीम सिंह ने तीसरा पुरस्कार पाया। विवि की अधिष्ठाता छात्र कल्याण प्रो. ममता मोक्टा ने विजेताओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया। इस मौके पर शारीरिक शिक्षा एवं युवा कार्यक्रम निदेशक प्रो. संजय शर्मा, शारीरिक शिक्षा विभाग के डाॅ. हरि सिंह, शमशेर सिंह, डीएस प्रो. बीके शिवराम और अधिष्ठाता छात्र कल्याण प्रो. ममता मोक्टा मौजूद रहे।