हिमाचल प्रदेश में डीजल पर प्रति लीटर 3.2 रुपये वैट बढ़ाने का असर उद्योगों पर भी पड़ा है। औद्योगिक क्षेत्र बद्दी, बरोटीवाला, नालागढ़ (बीबीएन) से दिल्ली का ट्रक भाड़ा मंगलवार से 293 रुपये बढ़ गया है। बीबीएन से दिल्ली एयरपोर्ट तक पहले 11 टन माल पर 20,927 रुपये लगते थे। अब 21,220 रुपये लगेंगे। दिल्ली के अलावा बीबीएन से मुंबई, कोलकाता, जयपुर जैसे शहरों के लिए रोजाना 500 ट्रकों में सामान भेजा जाता है। मुंबई जाने वाला 11 टन माल अब 72,748 रुपये में पहुंचेगा। पहले यही माल 71,232 में पहुंचता था। कोलकाता के लिए नए रेट 75,308, जयपुर के लिए 26,229 और शिमला के लिए 11,391 रुपये हो गए हैं।
प्रति किलोमीटर 90 पैसे भाड़ा बढ़ने से सामान भी अब महंगा मिलेगा। इसका सीधा असर उपभोक्ताओं की जेब पर पड़ेगा। ट्रक यूनियन के कोषाध्यक्ष वीर सिंह चंदेल ने बताया कि नए रेट मंगलवार सुबह से लागू हो जाएंगे। यूनियन का बीबीएनआईए के साथ एमओयू साइन हुआ है। इसके तहत अगर प्रति लीटर डीजल एक रुपये बढ़ता है तो छह टायर वाले ट्रक पर भाड़ा 35 पैसे, 10 टायर वाले पर भाड़ा 50 पैसे और मल्टी एक्सल ट्रक के भाड़े में एक रुपये पांच पैसे की बढ़ोतरी होगी। अगर डीजल का दाम एक रुपये कम होता है तो इसी हिसाब से भाड़ा अपने आप कम हो जाएगा।