मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के सबसे करीबी अतिरिक्त मुख्य सचिव वीसी फारका हिमाचल प्रदेश के अगले मुख्य सचिव हो सकते हैं। अतिरिक्त मुख्य सचिव स्वास्थ्य विनीत चौधरी का छुट्टियों का आवेदन अगर केंद्र सरकार से मंजूर हो जाता है तो फारका की राह आसान हो सकती है। हालांकि, वीसी फारका से आगे वरिष्ठता में पांच अन्य अधिकारी भी हैं, लेकिन इनमें से ज्यादातर केंद्रीय प्रतिनियुक्ति या हिमाचल से बाहर ही सेवाएं देना पसंद कर रहे हैं। मुख्य सचिव पी. मित्रा मई में रिटायर हो रहे हैं।
अब चर्चा यह शुरू है कि अगले मुख्य सचिव कौन होंगे? वर्तमान में हिमाचल काडर के वरिष्ठ आईएएस अधिकारियों में पी. मित्रा के बाद वरिष्ठता में क्रमश: दीपक सानन, अजय मित्तल, विनीत चौधरी, उपमा चौधरी, एआर सिहाग और वीसी फारका हैं। ये सभी अतिरिक्त मुख्य सचिव स्तर के अधिकारी हैं। इनमें से एआर सिहाग तो पहले ही केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर हैं। वे संघ लोक सेवा आयोग के सचिव बन गए हैं। विनीत चौधरी निजी फर्म में जाने को सरकार को आवेदन कर चुके हैं।