हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में बंदरों के साथ लावारिस कुत्तों के आतंक के मामले पर नगर निगम की बैठक में जमकर हंगामा हुआ। दरअसल, बुधवार को संजौली में ढली टनल के पास तीन बच्चों पर लावारिस कुत्तों ने हमला किया। इस हमले में दो छात्र लहूलुहान हुए हैं। बुधवार सुबह करीब 7:00 से 8:00 बजे के बीच की घटना है। वहीं, बच्चे के पिता कर्मचंद भाटिया ने मेयर दफ्तर के सामने धरना दिया। इसके बाद नगर निगम सदन में मामले पर जमकर हंगामा हुआ।
भाजपा और कांग्रेस के पार्षदों ने खड़े होकर सवाल पूछा कि आखिर कब इस समस्या से राहत मिलेगी। पार्षदों ने कहा कि कुत्तों की नसबंदी तक का काम नहीं हो रहा। इस दाैरान मेयर व पार्षदों में तीखी बहस हुई। सदन में मेयर के सामने कांग्रेस पार्षद नरेंद्र ठाकुर धरने पर बैठ गए। अन्य पार्षद भी धरने पर बैठे। हालांकि, मेयर बोले कि आउटसोर्स एजेंसी के माध्यम से अब कुत्तों की नसबंदी होगी। लेकिन पार्षद नहीं माने और काफी देर तक हंगामा होता रहा। इसके बाद सदन की कार्यवाही स्थगित कर दी गई। इसके थोडृी देर बाद बैठक फिर शुरू हुई।