केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने कहा कि जब तक हम किसी नई व्यवस्था से नहीं जुड़ते हैं तब तक दिक्कत रहती है। शिफ्ट होना ही सबसे जटिल प्रक्रिया है, लेकिन नई व्यवस्था से जुड़ेंगे तभी देश आगे बढ़ेगा। नड्डा ने यह बात वीरवार को तारा हाल स्कूल में राज्य स्तरीय बैंकर्स समिति के मुद्रा प्रचार कैंप में कही।
उन्होंने कहा कि किसी भी काम को दो तरह से किया जाता है, कंपलसरी या ऑप्शनल। अगर कंपलसरी होता कि भोपाल जाओ. भोपाल जाता, लेकिन आप्शन मिला तो मैंने तय किया कि भाई मैं सिर्फ शिमला जाऊंगा।
इससे पहले नड्डा ने इन योजनाओं के लाभार्थियों को भी लोन स्वीकृति के पत्र बांटे। इसके बाद बाद उन्होंने कहा कि हम योजनाएं शुरू करने के बाद इस तरह के आयोजन कर उनकी ग्राउंड रिपोर्ट भी खुद लेते हैं ताकि लोगों तक लाभ पहुंच सके।
मुद्रा के अंतर्गत ऋण देने के लिए 3.96 लाख करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं। जिसका 9 करोड़ से अधिक लोगों ने लाभ उठाया है। इनमें से 6 करोड़ से अधिक महिलाएं है। इसी प्रकार आज प्रधानमंत्री जीवन ज्योति योजना और प्रधानमंत्री स्वास्थ्य बीमा योजना के अंतर्गत आज 14.5 करोड़ लोग बीमित हैं।
उन्होंने कहा कि अगर इस योजना या केंद्र की किसी योजना से कोई परेशानी या सुझाव हो तो उन्हें उनकी ई मेल आईडी पर भेज सकते हैं। इससे पहले कार्यक्रम में पहुंचे सांसद वीरेंद्र कश्यप, विधायक सुरेश भारद्वाज ने भी प्रधानमंत्री मोदी और नड्डा के प्रयासों की सराहना की। अतिरिक्त मुख्य सचिव वित्त डॉ. श्रीकांत बाल्दी ने प्रदेश में चल रहे वित्तीय समावेशों की जानकारी दी।