चैन लाल के घर में भोजन ग्रहण करते केंद्रीय मंत्री डॉ. वीरेंद्र कुमार।
- फोटो : संवाद
केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री डॉ. वीरेंद्र कुमार पत्नी के साथ वीरवार को केंद्र की योजनाओं के लाभार्थियों के साथ संवाद के बाद चंबा के पर्यटक स्थल खज्जियार में भ्रमण के लिए पहुंचे। जहां पर उनके स्वागत के लिए प्रशासनिक अधिकारी पहले से मौजूद थे। खज्जियार का भ्रमण करने के बाद उन्होंने दोपहर का भोजन अनुसूचित जाति से संबंध रखने वाले परिवार में करने की इच्छा जताई।
स्थानीय निवासी चैन लाल के घर में जाकर उन्होंने पत्नी के साथ भोजन किया। उन्होंने साग, मक्की की रोटी, कसरोड़ (लींगड) और स्थानीय व्यंजनों का आनंद लिया। डॉ. वीरेंद्र कुमार चंबा के दो दिवसीय दौरे पर आए हैं। पहले दिन उन्होंने केंद्र सरकार की योजनाओं के लाभार्थियों के साथ संवाद किया।
उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत रठियार गांव के निवासी बच्चन सिंह और पवन कुमार के नवनिर्मित घरों का भी दौरा किया। डॉ. वीरेंद्र कुमार ने कहा कि चंबा को आकांक्षी जिले में भी शामिल किया है। सरकार ने चंबा के सर्वांगीण विकास के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।