अनुराग ठाकुर ने यात्रियों के साथ बस को लगाया धक्का।
- फोटो : ANI
विधानसभा चुनावों के लिए सदर और झंडूता में जनसभाएं करने पहुंचे केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने तल्याणा में खराब हुई परिवहन निगम की बस को धक्का लगाया। उन्होंने खराब बस को सड़क से किनारे किया ताकि अन्य वाहनों के लिए परेशानी न हो।
अनुराग ठाकुर सदर विधानसभा सभा से भाजपा प्रत्याशी त्रिलोक जमवाल के प्रचार के लिए आयोजित जनसभा को संबोधित करने तल्याणा गए थे। देर शाम जब वो जनसभा स्थल से वापस आ रहे थे तो रास्ते में परिवहन निगम की घुमारवीं -तल्याणा रुट पर चलने वाली बस खराब हो गई थी जिस कारण वहां से अन्य वाहन नहीं निकल पा रहे थे।
लोग बस को सड़क से किनारे करने की कोशिश में थे। उसी दौरान केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर वहां पहुंचे और उन्होंने चालक से कहा कि सभी सवारियों को नीचे उतारो। उसके बाद लोगों से मिलकर उन्होंने बस को धक्का लगाया। बस स्टार्ट भी हो गई और उसके बाद मौजूद लोगों ने इस कार्य के लिए केंद्रीय मंत्री का आभार प्रकट किया।
पूर्ण बहुमत के साथ रिवाज बदलेगी भाजपा : अनुराग
केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने मंगलवार को झंडूता के शाहतलाई में जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा प्रदेश में पूर्ण बहुमत के साथ सियासी रिवाज बदलेगी। उन्होंने कहा कि केंद्र के सहयोग से जयराम सरकार ने हमेशा ही सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास के संकल्प के साथ जनकल्याण को लक्ष्य बनाकर कार्य किया है। उन्होंने कहा कि समाज के हर तबके और समुदाय का समर्थन भाजपा को मिल रहा है। उन्होंने कहा कि जितना काम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हुआ है, अन्य किसी पार्टी ने नहीं किया। उन्होंने झंडूता विधानसभा हलके में विकास की गति बनाए रखने के लिए जनता से भाजपा प्रत्याशी जीत राम कटवाल को एक बार फिर से मौका देने की अपील की। कहा कि भारत के पास इतनी ताकत है कि वह दुनिया को दिशा दिखा सकता है। भाजपा विकास के प्रति वचनबद्ध है।