केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा कि प्रदेश में हो रहे उपचुनाव में भाजपा एकजुटता से केंद्र और प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों के दम पर जीत का परचम लहराएगी। अर्की में जनसभा के दौरान भाजपा प्रत्याशी रतनपाल के समर्थन में अनुराग ने कहा कि आप सब यहां आएं, आप सब रतनपाल हो, आप हजारों की संख्या में आए जिससे हमारी ताकत स्पष्ट है।
उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं की पार्टी है और कांग्रेस परिवार की पार्टी। पड़ोसी राज्य में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष की भाषा अपनी ही पार्टी के लिए ठीक नहीं है। कांग्रेस की कार्यशैली ठीक नहीं है। उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल सरकार ने प्रदेश वासियों को एंबुलेंस दी और केंद्र की मोदी सरकार ने पशुओं को एंबुलेंस दी।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने देश में बिचौलिये खत्म किए और आज सीधा जनता का पैसा लोगों के खाते में आ रहा है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष भाजपा जगत प्रकाश नड्डा और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जो व्यक्ति अर्की के लिए चुना है, उसको हमें जीता कर विधानसभा में भेजना है।
टिकट मांगना सबका अधिकार: अनुराग
पार्टी में खेमेबाजी के मुद्दे पर अनुराग ठाकुर ने कहा कि भाजपा विश्व की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी है। टिकट मांगना सबका लोकतांत्रिक अधिकार है। अर्की में भी सभी से उनकी बातचीत हुई है। पार्टी में कोई गुटबाजी नहीं है। सबको साथ लेकर ही भाजपा अपनी जीत सुनिश्चित करेगी।
नामांकन में कई वरिष्ठ भाजपा नेता रहे मौजूद
भाजपा की नामांकन रैली में भाजपा उम्मीदवार रतन पाल सिंह के साथ केंद्रीय खेल एवं सूचना प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर, जिला प्रभारी डॉ. राजीव बिंदल, उपाध्यक्ष पुरुषोत्तम गुलेरिया, मंत्री राजीव सैजल, वीरेंद्र कंवर, महामंत्री त्रिलोक जंवाल, रश्मिधर सूद, जिलाध्यक्ष आशुतोष वैद्य, विनय गुप्ता एवं विधायक परमजीत पम्मी, केएल ठाकुर, अमर सिंह ठाकुर, डेजी ठाकुर, मंडल अध्यक्ष डीके उपाध्याय उपस्थित रहे।