नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि आपदा की वजह से प्रदेश के पर्यटन उद्योग को भारी नुकसान पहुंचा है। सरकार को पर्यटन के क्षेत्र में सुधार के प्रयास करने चाहिए, लेकिन सरकार ऐसे-ऐसे नियम बना रही है, जिससे पर्यटन कारोबार को बहुत नुकसान हो रहा है। सुक्खू सरकार की ओर से थोपे गए विशेष पथकर के कारण पर्यटन कारोबारी हिमाचल प्रदेश के बजाय अन्य राज्यों का रुख कर रहे हैं।
सोमवार को जारी बयान में जयराम ठाकुर ने कहा कि आपदा से जूझ रहे प्रदेश के लिए किसी प्रकार से भी यह अच्छी स्थिति नहीं हैं। उन्होंने कहा कि इस सिलसिले में पर्यटन कारोबारी मुख्यमंत्री से मिलकर अपनी बात रख भी चुके हैं, पर सरकार की ओर से इस दिशा में अब तक कोई सार्थक कदम नहीं उठाया गया है। हिमाचल सरकार की ओर से पर्यटक बसों और टेंपो ट्रैवलर वाहनों पर अतिरिक्त टैक्स लगा दिया गया है।